ITBP जवान रमन कुमार का पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार, सैंकड़ों लोगों ने नम आंखों से दी विदाई
आईटीबीपी जवान रमन कुमार की ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. आज पैतृक गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 20, 2025 at 6:01 PM IST
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के आईटीबीपी जवान रमन कुमार की ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. शनिवार को जैसे ही जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव नडियाना रांगडियां पहुंची परिजनों की करुण चीत्कार से माहौल गमगीन हो उठा और पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया. जवान की अंतिम विदाई में सैकड़ों लोग उमड़े और इस दौरान हर किसी की आंखें नम नजर आईं. पैतृक गांव में ही जवान का पूरे सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया.

ड्यूटी के दौरान ITBP जवान की बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, रमन कुमार आईटीबीपी की सराहन यूनिट में तैनात थे. 18 दिसंबर को ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत रामपुर अस्पताल ले जाया गया. प्रारंभिक जांच में सब कुछ सामान्य पाया गया, लेकिन कुछ ही समय बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और इलाज के दौरान उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया. डॉक्टरों ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है. 19 दिसंबर को पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी की गई, जिसके बाद 20 दिसंबर, शनिवार सुबह जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव लाई गई.

सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
जवान का पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही शोकाकुल परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. जवान के छोटे-छोटे बच्चों को देखकर हर किसी का दिल भर आया. रमन कुमार अपने पीछे पत्नी और दो जुड़वा बच्चों को छोड़ गए हैं. रमन कुमार के असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. बच्चों की उम्र कम होने की वजह से रमन कुमार को उनके चचेरे भाई ने मुखाग्नि दी. इस दौरान आईटीबीपी के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने साथी को अंतिम सलामी दी. देशसेवा में समर्पित रहे रमन कुमार को पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई.

ग्राम पंचायत बस्सी झनियारा के प्रधान ओमप्रकाश ठाकुर ने जवान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया. प्रधान ओमप्रकाश ने कहा, 'रमन कुमार एक अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार व्यक्ति थे. 18 दिसंबर को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रामपुर अस्पताल ले जाया गया था, जहां शुरुआती जांच सामान्य रही, लेकिन बाद में अचानक स्थिति गंभीर हो गई और उनका निधन हो गया'.
जवान के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर
प्रधान ने कहा कि गांव के लिए यह अपूरणीय क्षति है. पूरा पंचायत परिवार के दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के साथ खड़ा है. जवान के निधन से नडियाना रांगडियां सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.
ये भी पढ़ें: मां ने छोड़ा साथ तो CM सुक्खू ने थामा हाथ, बेसहारा भाई-बहनों की उठाई पूरी जिम्मेदारी

