ETV Bharat / state

खुले में नशा करने वालों को पंचायत नहीं देगी करेक्टर सर्टिफिकेट, किन्नरों की बधाई राशि भी हुई तय

हमीरपुर की देई दा नौण पंचायत का बड़ा फैसला. खुले में नशा करने वालों पर लिया बड़ा फैसला

हमीरपुर की देई दा नौण पंचायत का नशे पर प्रहार
हमीरपुर की देई दा नौण पंचायत का नशे पर प्रहार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : July 5, 2026 at 3:23 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: ग्राम पंचायत देई दा नौण ने एक अलग मिसाल पेश की है. पंचायत की पहली ही ग्राम सभा में ऐसे कड़े और चर्चित फैसले लिए गए हैं, जिनकी चर्चा अब पूरे क्षेत्र में हो रही है. प्रधान विक्की वनिता की अध्यक्षता में आयोजित ग्राम सभा में ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ सख्ती, शादी-ब्याह में किन्नरों को दी जाने वाली बधाई राशि तय करने और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने सहित कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगाई है.

ग्राम सभा में सबसे तीखा फैसला खुले और सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों को लेकर लिया गया. पंचायत ने नशे के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाते हुए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक या खुले स्थान पर शराब पीते या अन्य नशा करते पाया जाता है तो उसके खिलाफ पंचायत स्तर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. पंचायत के अनुसार, दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति का चरित्र प्रमाण पत्र पंचायत स्तर पर रोक दिया जाएगा. इसके साथ ही पंचायत से मिलने वाली अन्य सरकारी सेवाओं और एनओसी के मामलों में भी नियमानुसार सख्ती बरती जाएगी. पंचायत प्रधान ने बताया कि गांव में खुलेआम नशा करने वालों के लिए कड़ी चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है.

पंचायत की ग्राम सभा में मौजूद लोग
पंचायत की ग्राम सभा में मौजूद लोग (ETV Bharat)

किन्नरों की दी जाने वाली राशि तय

ग्राम सभा में शादी-ब्याह और अन्य शुभ अवसरों पर किन्नरों को दी जाने वाली बधाई राशि को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया. पंचायत ने सामान्य परिवारों के लिए बधाई राशि 2100 रुपये, जबकि गरीब परिवारों के लिए 1100 रुपये तय करने का प्रस्ताव पारित किया. पंचायत का मानना है कि राशि तय होने से परिवारों पर मनमानी रकम देने का दबाव नहीं रहेगा और व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी.

किन्नरों की बधाई राशि पर लिया बड़ा पैसला
किन्नरों की बधाई राशि पर लिया बड़ा पैसला (ETV Bharat)

मेधावी छात्रों को किया जाएगा सम्मानित

शिक्षा के क्षेत्र में भी पंचायत ने नई पहल की है. पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दोनों सरकारी स्कूलों के मेधावी छात्र-छात्राओं को ग्राम सभा में सम्मानित किया जाएगा. पंचायत का उद्देश्य बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है. प्रधान विक्की वनिता ने कहा कि ग्राम सभा कोई सरकारी खानापूर्ति नहीं, बल्कि पंचायत परिवार की साझी संसद है. यहां लिया जाने वाला हर फैसला जनता और गांव की भलाई को ध्यान में रखकर किया जाएगा. पंचायत को नशामुक्त और अनुशासित बनाने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर माहौल तैयार करना उनकी प्राथमिकता है.

ग्राम सभा में पहुंचे लोग
ग्राम सभा में पहुंचे लोग (ETV Bharat)

पहली ही ग्राम सभा में लिए गए इन फैसलों से ग्राम पंचायत देई दा नौण ने अपने आगामी कार्यकाल की दिशा साफ कर दी है. खासकर खुले में नशा करने वालों के चरित्र प्रमाण पत्र रोकने के फैसले ने साफ संदेश दिया है कि पंचायत सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है. वहीं मेधावी बच्चों के सम्मान और बधाई राशि तय करने जैसे फैसलों ने इस ग्राम सभा को क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है.

ये भी पढ़ें: हिमाचल में अब बदलेगी प्राकृतिक खेती की तस्वीर, औने-पौने दाम पर भी बिकेंगे उत्पाद, सरकार ने लिया ये बड़ा फैसला