दुकान में सिलेंडर फटने से अफरा-तफरी, 3 झुलसे, एक AIIMS रेफर
हिमाचल में एक बार फिर से भीषण अग्निकांड और सिलेंडर फटने से अफरा मच गई है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 17, 2026 at 2:25 PM IST
हमीरपुर: जिला हमीरपुर के भोटा स्थानीय बाजार में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जब एक दुकान में अचानक आग लग गई. इस घटना में तीन लोग झुलस गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने के चलते एम्स रेफर किया गया है. सिलेंडर फटने से दुकान को भारी नुकसान पहुंचा है. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया. पुलिस जांच में जुटी है.
भोटा में दुकान में लगी भीषण आग
परिजनों के अनुसार, सुबह करीब पांच बजे पुरुषोत्तम चंद पुत्र गोरख राम अपनी दुकान खोलने पहुंचे. जैसे ही उन्होंने शटर के पास पहुंचकर अंदर देखा तो दुकान के भीतर आग की तेज लपटें उठ रही थी और धुएं का गुबार बाहर निकल रहा था. इसके बाद उन्होंने फौरन शटर खोलने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक तपिश के कारण शटर को हाथ लगाना भी मुश्किल हो गया. इसके बाद शोर सुनकर पास में किराना दुकान चलाने वाले कमलेश कुमार और दूध सप्लायर राकेश कुमार भी मौके पर पहुंचे. तीनों ने मिलकर शटर उठाने की कोशिश की. इसी दौरान अचानक अंदर रखे गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया.

बाजार में आग लगने से मची अफरा-तफरी
स्थानीय दुकानदार कमलेश कुमार ने बताया कि, धमाके की आवाज से आसपास का इलाका दहल उठा और शटर भी फट कर खुल गया. आग की तेज लपटें बाहर आने लगी, जिससे तीनों लोग आग की चपेट में आ गए. धमाके में पुरुषोत्तम चंद करीब 70 फीसदी झुलस गए. उनके चेहरे और पैर में भी गंभीर चोटें आई हैं. कमलेश कुमार और राकेश कुमार भी आग की चपेट में आने से झुलस गए. देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में लोग इकट्ठे हो और फौरन तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया. वहां, प्राथमिक उपचार के बाद पुरुषोत्तम चंद की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने एम्स रेफर कर दिया.

जांच में जुटी पुलिस
एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि, "पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है. घटना की सूचना मिलते ही हलका पटवारी ललित मोहन, नायब तहसीलदार जोगिंद्र कुमार और कानूनगो डिंपल रंजन मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है. फायर ब्रिगेड को सूचना देने के बाद दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. अग्निकांड और सिलेंडर विस्फोट के कारण दुकान के भीतर रखा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया है."
ये भी पढ़ें: सरकारी अस्पताल में भी बढ़ा जांच शुल्क, इस मेडिकल कॉलेज में जेब होगी ढीली
ये भी पढ़ें: हिमाचल में पहली बार शराब के ठेकों और टोल बैरियरों की होगी ई-नीलामी, घर बैठे लगा सकेंगे बोली

