बंदूक लेकर कोर्ट पहुंचा आरोपी, DSP ने रोका तो तान दी गन! न्यायालय में मचा हड़कंप
आरोपी के खिलाफ घरेलू हिंसा से जुड़ा एक मामला न्यायालय में विचाराधीन है और वह उसी मामले की पेशी के लिए कोर्ट पहुंचा था.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 25, 2026 at 5:23 PM IST
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला न्यायालय परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति बंदूक लेकर कोर्ट परिसर में पहुंच गया. पेशी के लिए आए इस व्यक्ति के पास न केवल लाइसेंसी बंदूक थी, बल्कि उसमें दो कारतूस भी मौजूद थे. न्यायालय जैसे संवेदनशील परिसर में हथियार देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते संभावित बड़ा हादसा टल गया.
सेशन कोर्ट के बाहर बंदूक लेकर बैठा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी भोरंज उपमंडल का रहने वाला है और घरेलू हिंसा से जुड़ा एक मामले की पेशी के सिलसिले में जिला न्यायालय पहुंचा था. वह सेशन कोर्ट के बाहर बंदूक लेकर बैठा हुआ था. इसी दौरान वहां मौजूद डीएसपी की नजर उस पर पड़ी. कोर्ट परिसर में हथियार लेकर आने को लेकर जब अधिकारी ने उससे पूछताछ की तो वह बहस करने लगा और माहौल तनावपूर्ण हो गया.
डीएसपी की ओर बंदूक तानने का आरोप
बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर डीएसपी की ओर बंदूक तान दी. यह देखकर मौके पर मौजूद पुलिस कर्मी तुरंत सक्रिय हो गए और बिना समय गंवाए आरोपी को काबू कर लिया. पुलिस ने उसके कब्जे से बंदूक बरामद कर ली. घटना के बाद कुछ देर के लिए कोर्ट परिसर में दहशत का माहौल बन गया और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई.
घरेलू हिंसा मामले की पेशी में आया था कोर्ट
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ घरेलू हिंसा से जुड़ा एक मामला न्यायालय में विचाराधीन है और वह उसी मामले की पेशी के लिए कोर्ट पहुंचा था. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी हथियार लेकर न्यायालय क्यों पहुंचा और उसके पीछे उसकी क्या मंशा थी. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं वह किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की योजना तो नहीं बना रहा था.
लाइसेंसी हथियार जमा न करवाने पर भी सवाल
वर्तमान चुनावी माहौल को देखते हुए प्रशासन ने लाइसेंसी हथियार संबंधित थानों में जमा करवाने के निर्देश दिए हुए हैं. इसके बावजूद आरोपी ने अपनी बंदूक जमा नहीं करवाई थी. ऐसे में पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि उसने नियमों का पालन क्यों नहीं किया और हथियार लेकर सीधे न्यायालय परिसर तक कैसे पहुंच गया.
मानसिक स्थिति की भी होगी जांच
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसकी मानसिक स्थिति की भी जांच करवाई जा रही है. अधिकारियों का मानना है कि आरोपी के व्यवहार और घटनास्थल पर उसके आचरण को देखते हुए इस पहलू की जांच जरूरी है. पुलिस यह भी खंगाल रही है कि घटना के पीछे कोई व्यक्तिगत विवाद, मानसिक तनाव या अन्य कारण तो नहीं था.
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एक व्यक्ति बंदूक लेकर न्यायालय परिसर में पहुंचा था, जिसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक वजह सामने आ पाएगी.
ये भी पढ़ें: हिमाचल में पंचायत चुनाव से पहले चले चाकू और पत्थर, महिला प्रत्याशी पर हमला
ये भी पढ़ें: पंचायत चुनाव से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अफीम-चरस सहित लाखों की नकदी और अवैध शराब बरामद

