ETV Bharat / state

पैरापिट से टकराकर नाले में गिरा 16 वर्षीय साइकिल सवार, हुई मौत

मृतक अंकित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, उसने अभी 12वीं की परीक्षा पास की थी.

Hamirpur Cyclist Dies in Accident
हमीरपुर में साइकिल सवार की मौत (Concept Image)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : May 11, 2026 at 5:44 PM IST

|

Updated : May 11, 2026 at 6:49 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: जिला हमीरपुर के भोरंज उपमंडल की भुक्कड़ पंचायत के गांव बैरी भट्टां में एक साइकिल सवार दुर्घटना का शिकार हो गया और खाई में गिरने से 16 साल के साइकिल सवार की मौत हो गई. घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक लड़का साइकिल पर सवार हो कर आ रहा है और अचानक साइकिल सड़क किनारे बने पैरापिट से टकराती है. साइकिल की टक्कर के बाद पैरापिट भी टूटकर नीचे गिर जाता है, जिसके बाद साइकिल सवार की मौत हो जाती है.

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

स्थानीय पंचायत के पूर्व प्रधान किशोर चंद ने बताया कि अंकित कुमार शनिवार शाम को अपने दोस्तों के साथ भरेड़ी से भुक्कड़ वाया बैरी सड़क पर साइकिल चला रहा था. इसी दौरान अचानक साइकिल के ब्रेक फेल हो गए और वो अनियंत्रित होकर पैरापिट से जा टकराया. टक्कर के बाद वह नीचे नाले में जा गिरा. हादसे के दौरान पैरापिट भी ऊपर से टूटकर नीचे गिर गया, जिससे अंकित को गंभीर चोटें आईं. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अंकित को तुरंत प्रभाव से सिविल अस्पताल सरकाघाट पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया. हालांकि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.

माता-पिता का इकलौता बेटा था अंकित

मृतक की पहचान अंकित कुमार (उम्र 16 साल), निवासी बैरी भट्टां के रूप में हुई है. अंकित ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. उसके पिता निजी वाहन चालक हैं, जबकि माता गृहिणी हैं. इस हृदय विदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है. अंकित के असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. हर आंख नम है और लोग इस हादसे से स्तब्ध हैं. वहीं, जब इस संदर्भ में पुलिस से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है.

PWD के निर्माण कार्य पर उठाए सवाल

स्थानीय पंचायत के पूर्व प्रधान किशोर चंद ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है. ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग द्वारा किए गए निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि अगर पैरापिट मजबूत होता तो संभवत नाबालिग की जान बच सकती थी। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

ये भी पढ़ें: चंबा कार हादसा: गुजरात के एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, मंडी के ड्राइवर की भी गई जान
Last Updated : May 11, 2026 at 6:49 PM IST