अग्निवीर भर्ती में फोर एचपी एनसीसी बटालियन हमीरपुर का परचम, 101 कैडेट्स हुए चयनित
थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के माध्यम से चयनित कुल युवाओं में लगभग 10 प्रतिशत हिस्सा फोर एचपी बटालियन एनसीसी हमीरपुर के कैडेट्स का है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : June 3, 2026 at 4:22 PM IST
हमीरपुर: थल सेना अग्निवीर भर्ती में फोर एचपी बटालियन एनसीसी हमीरपुर के कैडेट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है. हाल ही में घोषित थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर की अग्निवीर भर्ती रैली के परिणामों में फोर एचपी बटालियन एनसीसी हमीरपुर के 101 कैडेट्स का चयन हुआ है. यह उपलब्धि न केवल बटालियन बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है.
फोर एचपी बटालियन एनसीसी हमीरपुर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जी.पी. सिंह ने बताया, 'इस बार एनसीसी हमीरपुर के कैडेट्स ने अपने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. हिमाचल प्रदेश को वीरों की भूमि कहा जाता है और यहां के युवाओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा, अनुशासन और देशभक्ति का परिचय देते हुए इसे साबित किया है. थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के माध्यम से चयनित कुल युवाओं में लगभग 10 प्रतिशत हिस्सा फोर एचपी बटालियन एनसीसी हमीरपुर के कैडेट्स का है. यह किसी भी एनसीसी इकाई के लिए बड़ी उपलब्धि है'.
कर्नल जी.पी. सिंह ने बताया कि एनसीसी कैडेट्स को नियमित सैन्य प्रशिक्षण, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर मिलता है, जिसका लाभ उन्हें सेना भर्ती जैसी प्रतियोगी प्रक्रियाओं में मिलता है. अभी विभिन्न रेजिमेंटों और सैन्य प्रशिक्षण केंद्रों में भर्ती हुए युवाओं का पूरा डाटा आना बाकी है. ऐसे में चयनित कैडेट्स की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है. इसके अलावा बटालियन को उम्मीद है कि एनडीए और सीडीएस जैसी प्रतिष्ठित रक्षा सेवाओं की परीक्षाओं में भी उसके कैडेट्स बेहतर प्रदर्शन करेंगे और अधिकारी पदों पर चयनित होकर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे.
पिछले वर्षों के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कर्नल सिंह ने बताया कि वर्ष 2025 में फोर एचपी बटालियन एनसीसी हमीरपुर के 27 कैडेट्स अग्निवीर भर्ती में चयनित हुए थे. जबकि 13 कैडेट्स विभिन्न अधिकारी पदों के लिए चुने गए थे. इनमें एनआईटी, सीपीयू और सैनिक स्कूल के कैडेट्स भी शामिल थे. इसके मुकाबले इस वर्ष 101 कैडेट्स का चयन बटालियन की निरंतर मेहनत और बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था का प्रमाण है.
उन्होंने चयनित सभी कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी. साथ ही उन्होंने प्रशिक्षकों, एनसीसी अधिकारियों और अभिभावकों के योगदान की भी सराहना की. कर्नल सिंह ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में फोर एचपी बटालियन एनसीसी हमीरपुर के कैडेट्स राष्ट्रीय स्तर पर और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे और भारतीय सशस्त्र बलों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे,
ये भी पढ़ें: सुक्खू सरकार ने मेडिकल टीचर्स की छुट्टियों पर लगाया कट, समर-विंटर वेकेशन का नया शेड्यूल भी जारी

