दिल दहला देगी बिहार की ये प्रेम कहानी, सदमे में लड़के का पूरा परिवार
रोहतास में प्रेमिका के घर के बाहर से एक युवक की अधजली लाश मिलने से सनसनी फैल गई है. परिजन हत्या का आरोप लगा रहे.

Published : November 18, 2025 at 3:42 PM IST
रोहतास: बिहार के रोहतास में मंगलवार अहले सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां प्रेम प्रसंग में एक युवक ने प्रेमिका के घर के सामने ही अपनी जान दे दी. हालांकि इस मामले को लेकर पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है.
प्रेमिका के घर के सामने प्रेमी ने दी जान: प्रत्यक्षदर्शी रामाकांत दुबे ने बताया कि चीख पुकार सुन घर से बाहर निकले तो देखा कि युवक आग की लपटों में चीख रहा है. फिर किसी तरह उसे बचाने का प्रयास किया गया पर वह बच नहीं सका. लोगों ने पुलिस को सूचना दी तो मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन कर रही है. घटना डेहरी इलाके की की है.
"एक आदमी के पूरे शरीर में आग लगी थी और वह चिल्ला रहा था. हमने बचाने की कोशिश की लेकिन उसकी मौत हो गई. सुबह की घटना है. हम उस लड़के के बारे में कुछ नहीं जानते हैं."- रामाकांत दुबे, प्रत्यक्षदर्शी
6 महीने पहले घर से भागे थे दोनों: घटना के संबंध मे बताया जाता है कि मृतक युवक डेहरी इलाके के ही एक मुहल्ले में अपनी नानी के यहां रह कर बीटेक की पढ़ाई कर रहा था. इसी बीच 6 महीने पहले उसे एक लड़की से प्यार हो गया. बताया जाता है कि इस दौरान दोनों घर से भाग भी गए थे.
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप: लड़के के माता-पिता बेटे की मौत से सदमे में हैं और लड़की और उसके घरवालों पर अपने बेटे की हत्या का आरोप लगाया है. पिता ने बताया कि छह महीने पहले दोनों घर से भागे थे. लड़की ने ही लड़के को भगाया था, इस बात को उसने कबूल किया था. मैंने दो दिन के अंदर दोनों को बरामद किया था. जबरदस्ती घर पर लाया गया. डर से परिवार वालों को थाना बुलाया था.
"थाने में बुलाकर परिवारवालों को लड़की सौंप दिया था. मैंने कहा था कि किसी को पता नहीं चलेगा कि आपकी लड़की या मेरा लड़का भागा था. उस समय मुझे लड़की के घरवालों ने धमकी दी थी कि कुछ होता है तो आप जिम्मेदार हैं. अपने लड़के को संभाल लीजिएगा. मेरा लड़का घर से कहीं नहीं जाता था. 6 महीने से घर पर था. 2 बजे रात को लड़की ने एक दिन फोन किया और लड़के से बात कराने को कहा. आज यह घटना हुई है. मेरे लड़के को जलाकर मार दिया गया है."- लड़के के पिता
लड़की की तय हो गई थी शादी: बताया जाता है कि लड़की के परिजनों ने उसकी शादी कहीं दूसरी जगह तय कर दी थी. यह बात जब प्रेमी को पता चली तो आज सुबह उसके घर पर पहुंचा और खुद को आगे के हवाले कर दिया. इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए सासाराम को सदर अस्पताल भिजवा दिया.
लड़की के घरवाले फरार: वहीं मौके पर एफएसएल की टीम भी पहुंची है और हर पहलु पर गहनता से जांच कर रही है. टीम ने मौके से डंडा तथा टूटी हुई चूड़ी व लाइटर भी बरामद किया है. इधर मृतक के परिजनों का आरोप है कि लड़की का फूफा जो एक राजनीतिक दल से संबंध रखता है बीते दिनों पहले उसने लड़के को जान से मारने की धमकी दी थी. इधर घटना के बाद लड़की के घर वाले घर छोड़ फरार हो गए हैं.

"न्यू एरिया मोहल्ले से एक 22 वर्षीय युवक का अधजला शव बरामद किया गया है. पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है. हत्या है या आत्महत्या है, इसको लेकर सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है. एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर सैंपल बरामद कर लिए हैं. जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है."- अतुलेश झा, एएसपी डेहरी
ये भी पढ़ें
प्यार में धोखा..प्रेमिका के घर के सामने प्रेमी ने खुद को पिस्टल से उड़ाया

