ETV Bharat / state

BSF जवान की मां का मिला अधजला शव, शादी समारोह से हो गई थी गायब

बिहार के सिवान से एक खौफनाक मामला सामने आया है, जहां BSF जवान की मां की अधजली लाश खेत में मिली है. पढ़ें

BSF jawan mother murdered
सिवान में महिला का अधजला शव मिला (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 26, 2026 at 2:59 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सिवान: बिहार के सिवान जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र में एक 52 वर्षीय महिला का अधजला शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतका महिला की पहचान कर ली गई है. घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

बारात देखने गई थी महिला: परिजनों के अनुसार मंगलवार की रात गांव में एक शादी समारोह के तहत बारात आई थी. महिला उसी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकली थीं. काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटीं तो परिवार वालों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी खोजबीन शुरू की. रातभर तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला.

खेत में मिला अधजला शव: बुधवार की सुबह अचानक घर से कुछ ही दूरी पर स्थित एक खेत में ग्रामीणों ने एक अधजला शव देखा. शव की पहचान शांति देवी के रूप में की गई है. यह खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

"प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हर पहलू से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा."- प्रमोद कुमार,थाना प्रभारी

BSF जवान की मां की मौत से सनसनी: सूचना मिलते ही पचरुखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बताया जा रहा है कि मृतका का एक पुत्र बीएसएफ में कार्यरत है, जबकि उनके पति बाहर रहते हैं. घटना के दिन वह घर पर अकेली थीं. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों की तलाश जारी है.

​पुलिस जांच और FSL की मदद: मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया गया है, ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें. पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें

पटना में चाणक्य लॉ कॉलेज के LLM छात्र की संदिग्ध मौत, हॉस्टल के कमरे में लटका मिला शव

'दुष्कर्म के बाद मर्डर' बिहार में मौसी के घर शादी में गई छात्रा की लाश मिलने पर बोले परिजन