ETV Bharat / state

NH- 52 पर पलटी नागपुर से दिल्ली जा रही स्लीपर बस, आधा दर्जन यात्री चोटिल

सहरावदा के नजदीक ट्रेलर को ओवरटेक करते बेकाबू हुई बस में 20 से ज्यादा यात्री थे.

Bus Overturns on NH-52
NH- 52 पर पलटी बस (ETV Bharat Kota)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : May 28, 2026 at 10:41 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कोटा: जिले के रामगंज मंडी क्षेत्र के मोडक में नेशनल हाइवे नंबर 52 पर गुरुवार सुबह स्लीपर कोच बस पलट गई. नागपुर से दिल्ली जा रही बस सहरावदा के निकट बेकाबू होकर खाली जमीन पर पलट गई. इसमें 20 से ज्यादा यात्री थे. इनमें एक दर्जन को चोटें आई. आधा दर्जन से ज्यादा यात्रियों को अस्पताल ले जाया गया. सूचना मिलने के बाद मोडक पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची. घायलों को मोडक अस्पताल ले जाया गया. इसके बाद दो घायल को झालावाड़ रेफर कर दिया.

मोडक थाने के एएसआई राकेश शर्मा ने बताया कि घटना गुरुवार सुबह 5:30 बजे ढाबादेह से कमलपुरा के बीच में हुई. नागपुर से दिल्ली नेशनल हाइवे 52 से गुजर रही स्लीपर बस ट्रेलर को ओवरटेक करते समय बेकाबू हो गई. बस सड़क से करीब चार से पांच फीट नीचे उतरकर खाली जमीन में जाकर पलट गई. दुर्घटना के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे, लेकिन बस ने केवल एक पलटी खाई. इससे यात्रियों को ज्यादा चोट नहीं लगी. बस में इमरजेंसी एग्जिट था, जिससे लोग बाहर निकल आए. सूचना मिलने पर एंबुलेंस और पुलिस पहुंची. इनको तत्काल मोडक अस्पताल भेजा, जहां से अधिकांश को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया. दो लोगों को गंभीर चोट होने पर झालावाड़ मेडिकल कॉलेज के एसआरजी हॉस्पिटल रेफर कर दिया.

पढ़ें:सांवलियाजी जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, एक की मौत, झालावाड़ में पिकअप पलटी, 11 श्रद्धालु घायल

हाइवे पर जाम: दुर्घटना के बाद कुछ देर जाम जैसे हालात हो गए, लेकिन पुलिस ने इसे तत्काल खुलवा दिया. एएसआई राकेश शर्मा ने कहा कि फिलहाल इस मामले में किसी तरह की कोई शिकायत नहीं मिली. मामले में जांच की जा रही है. बस में सवार यात्रियों को दूसरी बस से दिल्ली भेज दिया गया.

पढ़ें: अलवर: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस पलटी, 40 यात्री घायल, ड्राइवर को झपकी आने से हादसा