ETV Bharat / state

हल्द्वानी शुद्धिकरण मामला, 7 सितंबर को सीएम आवास घेरेगी कांग्रेस, जानिए पूरी प्लानिंग

गणेश गोदियाल ने कहा सरकार को यह समझना होगा कि हम वैचारिक तौर पर जो लड़ाई लड़ना चाहते हैं, उसके लिए हम तैयार है.

HALDWANI PURIFICATION CASE
उत्तराखंड कांग्रेस (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : September 2, 2026 at 6:53 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: हल्द्वानी के रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस लगातार भाजपा के खिलाफ आक्रामक है. इसके विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को सचिवालय कूच किया. अब आने वाली 7 सितंबर को कांग्रेस मुख्यमंत्री आवास घेराव करने जा रही है. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने तीन प्रमुख मांगों को उठाते हुए कहा कि अगर 7 तारीख से पहले सरकार उनकी मांगे मांग लेती है तो पार्टी अपने इस फैसले पर पुनर्विचार कर सकती है.

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा हल्द्वानी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़के की रैली के बाद जिस तरह वहां शुद्धिकरण किया गया, कानून के तहत दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा जिस प्रकार मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इस शुद्धिकरण को उचित ठहराया है, जो सीधे तौर पर कानून का उल्लंघन है, और संविधान की मूल भावना का उल्लंघन है, इसलिए उनपर भी एफआईआर दर्ज होनी चाहिए.

7 सितंबर को सीएम आवास घेरेगी कांग्रेस (ETV Bharat)

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने तीसरी मांग उठाते हुए कहा कि इस पूरे घटनाक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी खुद कंप्लेनर हैं, लेकिन उन्हीं पर एफआईआर दर्ज कर दी गई है, वो एफआईआर रद्द होनी चाहिए. उन्होंने कहा अगर सरकार इन तीनों मांगों को नहीं मानती है तो सरकार को मांगे मनवाने के लिए मजबूर किया जाएगा.

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा सरकार को यह समझना होगा कि हम वैचारिक तौर पर जो लड़ाई लड़ना चाहते हैं, कांग्रेस उस लड़ाई को लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है. अगर इस लड़ाई को सड़क में उतरकर लड़ना पड़ेगा, तो कांग्रेस पार्टी उसके लिए भी तैयार है.

हल्द्वानी शुद्धिकरण मामले की टाइमलाइन

  • 8 अगस्त को हल्द्वानी रामलीला मैदान में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली हुई.
  • 11 अगस्त को रैली के मंच पर धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया.
  • धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास द्वारा किया गया.
  • अनुष्ठान का कारण, धार्मिक आस्था और सफाई से जुड़ा होना बताया गया.
  • कांग्रेस ने इसे धार्मिक अनुष्ठान के जरिए मंच और मैदान का शुद्धिकरण किया जाना बताया.
  • कांग्रेस ने कथित 'शुद्धिकरण' करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
  • 13 अगस्त को खड़गे ने कथित 'शुद्धिकरण' का मुद्दा राज्यसभा में उठाया.
  • खड़गे ने पूरी घटना को दलित पहचान से जोड़कर आरोप लगाया.
  • खड़गे के आरोपों पर जेपी नड्डा ने कार्रवाई का आश्वासन दिया.
  • 29 अगस्त राहुल गांधी ने दिल्ली में कथित 'शुद्धिकरण' मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की.
  • राहुल गांधी ने घटना को छुआछूत और दलितों के अपमान से जोड़ा. साथ ही भाजपा-आरएसएस की विचारधारा पर प्रश्नचिन्ह खड़े किए.
  • राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी से मामले में एससी-एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की.
  • राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर घटना को जातिगत रंग देने का आरोप लगाया.
  • भाजपा ने दावा किया कि आयोजन में शामिल लोगों में अनुसूचित जाति के लोग भी थे.
  • 30 अगस्त को अमित कुमार की शिकायत पर राहुल गांधी पर हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया.
  • आरोप लगाया कि, राहुल गांधी ने 29 अगस्त की प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनुसूचित जाति समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाई.
  • 31 अगस्त को कांग्रेस ने पुलिस मुख्यालय से लेकर हल्द्वानी कोतवाली समेत प्रदेशभर के थानों और चौकियों में मुकदमे के खिलाफ शिकायत दी.

पढ़ें---