हल्द्वानी शुद्धिकरण मामले को लेकर एक्शन में कांग्रेस, कल पुलिस मुख्यालय के बाहर करेगी उपवास
हल्द्वानी शुद्धिकरण मामले को लेकर कांग्रेस भाजपा के खिलाफ आक्रामक है. कल इसे लेकर कांग्रेस उपवास करने जा रही है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 30, 2026 at 8:56 PM IST
देहरादून/हल्द्वानी: मंच शुद्धिकरण के मामले ने सियासी रंग ले लिया है. कांग्रेस ने घटना के विरोध में आज हल्द्वानी में मौन प्रदर्शन किया. नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक सुमित हृदयेश और खटीमा विधायक भुवन कापड़ी समेत कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए. कांग्रेस ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की. इससे पहले राहुल गांधी भी मामले में एफआईआर की बात कह चुके हैं. कल इस मामले को लेकर कांग्रेस, डीजीपी कार्यालय के बाहर उपवास करेगी.
हल्द्वानी रामलीला मैदान में मौन प्रदर्शन: हल्द्वानी मंच शुद्धिकरण मामले को लेकर कांग्रेस ने आज रामलीला मैदान में मौन प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया. कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर और मौन रहकर घटना पर नाराजगी जताई. प्रदर्शन में उत्तराखंड के नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, खटीमा विधायक भुवन कापड़ी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रामलीला मैदान जैसी सार्वजनिक जगह पर हुई शुद्धिकरण की घटना सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है. उन्होंने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की.कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राजनीतिक और सामाजिक मतभेदों को इस तरह की घटनाओं के जरिए बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घटना के खिलाफ एकजुटता दिखाई और सरकार से मामले में स्पष्ट कार्रवाई करने की मांग की.
कल पुलिस मुख्यालय पर कांग्रेस का प्रदर्शन: रामलीला मैदान में कथित रूप से शुद्धिकरण यज्ञ किए जाने और इसे पार्टी अध्यक्ष के प्रति अपमानजनक और आपत्तिजनक कृत्य मानते हुए कांग्रेस कल डीजीपी मुख्यालय पर उपवास और अनशन करने जा रही है. भाजपा का कहना है कि आज जब पूरी दुनिया में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सनातन संस्कृति की पताका लहरा रही है, तब कांग्रेस छुआछूत और जातिवाद जैसे मुद्दों को जबरदस्ती राजनीतिक रंग देकर समाज में भ्रम फैला रही है.
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने कहा किसी व्यक्ति या संगठन पर दलित विरोधी मानसिकता का आरोप लगाना बेहद गंभीर है. इसके समर्थन में कोई ठोस आधार होना जरूरी है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने दावा किया है कि यह घटना कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दलित पहचान के कारण हुई, जबकि संबंधित आयोजक संस्था ने ऐसी किसी मंशा से साफ मना किया है. भाजपा ने कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मामले पर एससीएसटी एक्ट के तहत अपराध बनने का दावा कांग्रेस कर रही है तो इसका ठोस कानूनी आधार स्पष्ट किया जाए.
कांग्रेस ने भाजपा पर इस मुद्दे को लेकर जमकर हमला बोला है. पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा का कहना है कि राजनीतिक कांग्रेस नहीं करती बल्कि कांग्रेस विकास की बात करती है, लेकिन भाजपा इस गंभीर विषय पर राजनीति कर रही है. उन्होंने कहा भाजपा एक तरफ बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की बात करती है, लेकिन दूसरी तरफ समय-समय पर भाजपा के दलित विरोधी विचार भी सामने आते रहते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आपसी सौहार्द और भाईचारे को खत्म करने का काम कर रही है, और जाति पर आधारित राजनीति कर रही है.
संबंधित खबर पढ़ें-
- राज्यसभा में गूंजा हल्द्वानी रामलीला ग्राउंड शुद्धिकरण मामला, मल्लिकार्जुन खड़गे ने की कार्रवाई की मांग
- हल्द्वानी ग्राउंड शुद्धिकरण मामला: खड़गे ने की गिरफ्तारी की मांग, प्रियंका गांधी ने BJP-RSS को घेरा
- उत्तराखंड के जिस मैदान में मल्लिकार्जुन खड़गे की हुई जनसभा, उसका हुआ शुद्धिकरण, तेज हुई पॉलिटिक्स
- 'BJP-RSS वाले भगोड़े, धर्म के नाम पर लूट रहे, इन्होंने आजादी के लिए कुछ नहीं किया', उत्तराखंड में बोले खड़गे

