दौसा में तूफान और ओलावृष्टि से मची तबाही, खेतों में ओलों की चादर, उखड़े पेड़ और टीनशेड
दौसा में तेज अंधड़ के चलते 15 से अधिक ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि करीब 40 से 50 बिजली के पोल टूट गए.

Published : May 4, 2026 at 10:43 AM IST
दौसा: दौसा जिले में शनिवार देर रात आए भयंकर चक्रवाती तूफान ने पूरे इलाके में तबाही का मंजर खड़ा कर दिया. तेज अंधड़, मूसलाधार बारिश और बेर के आकार के ओलों ने ग्रामीण क्षेत्रों में भारी नुकसान पहुंचाया. मानपुर, पीलोडी और मेहंदीपुर बालाजी सहित कई इलाकों में ओलावृष्टि के चलते खेतों, मकानों और वाहनों को नुकसान हुआ, वहीं लोग इस भयावह मौसम के वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार शेयर कर रहे हैं. महुवा विधायक राजेंद्र मीना भी जयपुर से महुवा जाते समय इस तूफान में फंस गए थे.
तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई गांवों में टीनशेड उड़ गए और दर्जनों पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों पर गिर पड़े. हालात ऐसे बन गए कि नेशनल हाईवे 21 पर भी कई जगह पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया, जिससे देर रात तक लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. प्रशासन और स्थानीय टीमों को रास्ते साफ करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी.
बिजली व्यवस्था भी इस तूफान की चपेट में आ गई. मेहंदीपुर बालाजी क्षेत्र के जेईएन मुनिराज मीना के अनुसार तेज अंधड़ के चलते 15 से अधिक ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि करीब 40 से 50 बिजली के पोल टूट गए. इससे कई गांवों में अंधेरा छा गया और बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई. हालांकि, बिजली विभाग की टीमों ने रातभर मेहनत कर कई क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया. इस प्राकृतिक आपदा ने न केवल जनजीवन को प्रभावित किया, बल्कि किसानों के लिए भी चिंता बढ़ा दी है. ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है, जिससे आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

