ETV Bharat / state

हरियाणा में ओलावृष्टि का कहर, लाडवा के गांवों में सैकड़ों एकड़ फसल तबाह, किसान बोले- "सब हो गया बर्बाद"

कुरुक्षेत्र के लाडवा में भारी ओलावृष्टि और बारिश से गेहूं की फसल बर्बाद हो गई है. वहीं किसानों ने सरकार से मुआवजे की मांग की.

HAILSTORM IN HARYANA
हरियाणा में ओलावृष्टि का कहर (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : April 9, 2026 at 9:57 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कुरुक्षेत्र: जिले के लाडवा क्षेत्र में मौसम की मार ने किसानों की कमर तोड़ दी है. पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच बुधवार को अचानक हुई तेज ओलावृष्टि ने कई गांवों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया. गिरधारपुरा, मथाना सहित आसपास के गांवों में सैकड़ों एकड़ में तैयार गेहूं की फसल बर्बाद हो गई. खेतों में ओलों की सफेद चादर बिछने से हालात बेहद चिंताजनक हो गए हैं.

किसानों की मेहनत पर फिरा पानी: पीड़ित किसान भाग सिंह ने कहा कि, "हमारी लगभग साढ़े तीन एकड़ गेहूं की फसल पूरी तरह तैयार थी, लेकिन बारिश और ओलावृष्टि ने सब कुछ खत्म कर दिया. 30 मिनट तक लगातार भारी ओले गिरते रहे, जिससे फसल जमीन पर गिर गई और अब उसके बचने की उम्मीद बेहद कम है. खेतों में पानी भर जाने से कटाई भी संभव नहीं रह गई है."

लाडवा के गांवों में सैकड़ों एकड़ फसल तबाह (Etv Bharat)

कटाई में देरी से बढ़ेगा नुकसान: किसानों का कहना है कि बारिश के कारण खेतों में पानी जमा हो गया है, जिससे अगले 15-20 दिनों तक मशीनों से कटाई संभव नहीं होगी. इस दौरान फसल सड़ने का खतरा और बढ़ जाएगा. ओलावृष्टि के बाद कई घंटों तक खेतों में बर्फ जैसी परत जमी रही, जिसे ग्रामीणों ने कैमरे में कैद भी किया.

सरकार से मुआवजे की मांग तेज: प्रभावित किसानों ने सरकार से तुरंत सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है. उनका कहना है कि यह नुकसान उनकी सालभर की मेहनत पर भारी पड़ा है और बिना सरकारी सहायता के उबरना मुश्किल होगा. किसानों ने प्रशासन से जल्द राहत पहुंचाने की अपील की है, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति और न बिगड़े.

ये भी पढ़ें: फरीदाबाद में बारिश के कारण मंडियों से गेहूं की लिफ्टिंग ठप, एफसीआई ने गोदाम में रखने से किया इनकार, किसान और एजेंसी चिंतित