मुंडावर में आंधी-बारिश के बाद ओलावृष्टि, भीषण गर्मी के बीच सुहावना हुआ मौसम
इस बारिश से किसान खुश है. उनका कहना था कि बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी और आगामी फसलों की तैयारी में मदद मिलेगी.

Published : May 29, 2026 at 8:46 AM IST
खैरथल: जिले के मुंडावर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और बारिश के साथ बेर के आकार के ओले गिरने लगे. अचानक हुई ओलावृष्टि से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. सुबह-सुबह लोगों ने जब बड़े आकार के ओले गिरते देखे, तो कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. ओलावृष्टि और बारिश का यह दौर कुछ समय तक जारी रहा, जिससे पूरे क्षेत्र का मौसम सुहावना हो गया. बारिश और ओलावृष्टि के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली.
पिछले कई दिनों से क्षेत्र में पड़ रही तेज गर्मी और लू के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा था. सुबह से ही तापमान बढ़ने लगता था और दोपहर के समय घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता था. ऐसे में मौसम में आए इस बदलाव ने लोगों को राहत पहुंचाई है. इससे पहले गुरुवार शाम को भी अचानक तेज आंधी और बारिश का दौर शुरू हुआ था. तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने गर्मी के असर को कम किया और रातभर मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना रहा. शुक्रवार सुबह हुई ओलावृष्टि ने इस राहत को और बढ़ा दिया.
पढ़ें: चूरू: भीषण गर्मी के बीच सरदारशहर में तेज बारिश, चने के आकार के ओले गिरे
15 दिन से पड़ रही थी भीषण गर्मी: प्रदेश में पिछले करीब 15 दिनों से भीषण गर्मी का दौर जारी था. कई क्षेत्रों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया था, जिससे आमजन परेशान थे. गर्म हवाओं और उमस के कारण लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा था. बाजारों में भी लोगों की आवाजाही कम हो गई थी और दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा था. मौसम में आए इस बदलाव से जहां आम लोगों को राहत मिली है, वहीं किसानों के चेहरों पर भी खुशी दिखाई दी. किसानों का कहना है कि बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी और आगामी फसलों की तैयारी में मदद मिलेगी. साथ ही पशुओं को भी गर्मी से राहत मिलेगी. हालांकि, कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि से फसलों को हल्का नुकसान होने की आशंका भी जताई जा रही है, लेकिन अधिकांश किसानों का मानना है कि यह बारिश कृषि के लिए लाभदायक साबित होगी. स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय बाद मौसम इतना सुहावना हुआ है. बारिश, ठंडी हवाओं और ओलों के कारण पूरे क्षेत्र का वातावरण बदल गया है. मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम परिवर्तन की संभावना बनी हुई है, जिससे लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.


