रुद्रपुर में आवारा पशुओं से टकराकर युवक की मौत, रामनगर में जिप्सी और स्कूल बस की भयानक टक्कर
रुद्रपुर में आवारा गौवंश से टकराने के बाद ट्रक की चपेट में आया युवक चली गई जान, रामनगर में जिप्सी और स्कूल बस की भिड़ंत

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : May 6, 2026 at 10:25 PM IST
रुद्रपुर/रामनगर: उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में आवारा गौवंश से टकराने के बाद एक युवक ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. उधर, रामनगर में जिप्सी और स्कूल बस की भीषण भिड़ंत हो गई. जिसमें चालक गंभीर घायल रूप से घायल हो गया.
रुद्रपुर क्षेत्र में अलखदेवा निवासी 35 वर्षीय परविंदर सिंह उर्फ पिंदर मक्कड़ की हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. परविंदर सिंह एक कंपनी के कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे. उसी से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे. उनकी अचानक हुई मौत से परिवार और पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है.
बताया जा रहा है कि परविंदर सिंह बीती रात किसी काम से लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में अचानक एक निराश्रित (आवारा) गौवंश उनके वाहन के सामने आ गया. टक्कर इतनी तेज थी कि वो सड़क पर गिर पड़े. इससे पहले कि वो संभल पाते, पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक उन्हें कुचलता हुआ निकल गया.

हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई और शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया. घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी मच गई. सड़क के बीचों बीच खून से लथपथ शव पड़े होने के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. लोगों में इस घटना को लेकर भारी गुस्सा भी देखने को मिला. वहीं, स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा.
रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी. घायल अवस्था में युवक को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है.

रामनगर में जिप्सी और स्कूल बस की भीषण भिड़ंत: रामनगर के कोसी बैराज क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. जहां जिप्सी और स्कूल बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में जिप्सी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना बुधवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है, जब कोसी बैराज के पास अचानक एक जिप्सी और स्कूल बस आमने-सामने टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जिप्सी के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
जानकारी के मुताबिक, जिप्सी संख्या UK 19 TA 0232 और बस संख्या UK 04 PA 0137 जो यूएसआर इंदु पब्लिक स्कूल की बस बताई जा रही है, अचानक आपस में भिड़ गई. हादसे के दौरान बस में मौजूद यात्रियों में भी दहशत फैल गई. हालांकि, किसी अन्य के घायल होने की सूचना नहीं है.
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. लोगों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल जिप्सी चालक को बाहर निकाला और उसे तत्काल रामदत्त संयुक्त अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है. टक्कर इतनी तेज थी कि जिप्सी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. जबकि, बस को भी नुकसान पहुंचा है.
ये भी पढ़ें-

