तेरहवीं के कार्यक्रम में युवक ने बंदूक की नोक पर डांसर को नचाया, हवाई फायर कर डराया
ग्वालियर में तेरहवीं के कार्यक्रम में मृत्युभोज के साथ नाच गाने का आयोजन. डांसर को हवाई फायर कर बंदूक की नोक पर नचाने का आरोप.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 24, 2026 at 5:44 PM IST
ग्वालियर: तेरहवीं के कार्यक्रम में मृत्युभोज के साथ नाच-गाने का भी आयोजन किया गया. यहां तक तो ठीक है लेकिन इसी दौरान एक युवक यहां नाच रही डांसर के बीच पहुंच गया और कुर्सी पर बैठकर हवाई फायर करने लगा. वह डांसर को नाचने का लगातार इशारा करता रहा और बंदूक का डर दिखाकर हवाई फायर भी करता रहा. इस युवक का यह वीडियो सोशल मीडिया पर सर्कुलेट कर दिया गया और अब यह तेजी से ट्रेंड कर रहा है. इधर पुलिस इस युवक की खोजबीन में जुटी है.
तेरहवीं में नाच गाना, युवक ने किए हवाई फायर
ये घटना ग्वालियर के रहावली गांव की है, जहां गांव के ही एक बुजुर्ग की मृत्यु के बाद परिवार द्वारा मृत्यभोज का आयोजन तेरहवीं के दिन रखा गया था. इसी कार्यक्रम में नाच गाने का भी आयोजन किया गया था. रात के समय जब कार्यक्रम चल रहा था, उसी दौरान आयोजन में शामिल होने पहुंचा एक युवक बंदूक लेकर कुर्सी पर बैठ गया और उसने 2 बार हवाई फायर किए. इस दौरान सामने मौजूद डांसर को वह इशारा करता रहा और डांसर डर के चलते नाचते रही.
वीडियो के बाद पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
इस घटनाक्रम का एक वीडियो कार्यक्रम में मौजूद किसी शख्स ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया और करीब 47 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर सर्कुलेट कर दिया. इधर घटना का वीडियो सामने आने पर बेहट पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर तफ्तीश की और घटना क्रम की जानकारी ली.
- नाच-गाने के बीच बारात में चली गोली, हर्ष फायरिंग में बैंड सदस्य नाबालिग की मौत
- घोड़ी पर विधायक बाबू जंडेल, हाथ में बंदूक, नियम तोड़ शिव बारात में हर्ष फायरिंग
- मुरैना में बर्थडे पर किया रिटायर्ड फौजी ने हर्ष फायर, पुलिस ने की खातिरदारी
भिंड का रहने वाला है युवक
मामले को लेकर सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि "वीडियो रहावली गांव का है, जहां बुजुर्ग की तेरहवीं पर रात में नाच गाने का कार्यक्रम चल रहा था. इसी बीच एक युवक ने 2 हर्ष फायर किए हैं. जिसका वीडियो भी सामने आया है. युवक की पहचान भी कर ली गई है.
हर्ष फायर करने वाले युवक का नाम कुलदीप गुर्जर के रूप में हुई है जो भिंड के दंदरौआ का रहने वाला बताया गया है. अभी आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. जैसे ही गिरफ़्तरी होगी इससे बंदूक के लाइसेंस के संबंध में भी जानकारी ली जाएगी कि, ये लाइसेंसी हथियार था अवैध, उसके आधार पर एफआईआर में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी."

