ETV Bharat / state

पत्नी ने लाउडस्पीकर पर मोहल्ले भर को सुनाई पति की प्रेम कहानी, शर्मिंदगी में प्रेमिका ने दी जान

ग्वालियर के पुरानी छावनी इलाके में बदनामी की वजह से शादीशुदा महिला ने उठाया खौफनाक कदम. संवाददाता पीयूष श्रीवास्तव की रिपोर्ट.

Gwalior woman suicide
ग्वालियर में आहत होकर महिला ने की आत्महत्या (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : August 20, 2026 at 5:58 PM IST

|

Updated : August 20, 2026 at 6:05 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

ग्वालियर: ग्वालियर में एक महिला का सुसाइड तब पुलिस का मामला बन गया जब आत्महत्या के पीछे की वजह सामने आई. महिला ने पड़ोसी के एक कृत्य के बाद बदनामी के डर से अपनी जान दे दी. पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है.

असल में ग्वालियर पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा महिला ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. आरोप है कि पड़ोसी प्रेमी की पत्नी ने महिला और उसके पति की बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग म्यूजिक सिस्टम पर चलाकर पूरे मोहल्ले को सुना दी. गांव में बदनामी से आहत होकर महिला ने खुदखुशी जैसा घातक कदम उठा लिया.

पीड़ित पति ने दर्ज कराई FIR

मामले को लेकर मृतका के पति ने पुरानी छावनी पुलिस में पड़ोसी और उसकी पत्नी सहित तीन अन्य लोगों के ख़िलाफ़ साजिश, प्रताड़ना, ब्लैकमेल और आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. मामला दर्ज कर पुलिस जांच का रही है.

इलाज के दौरान हुई महिला की मौत

पुलिस में दर्ज की गई शिकायत के अनुसार महिला की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी. उसके दो बच्चे भी हैं. परिवार फल बेचकर अपना गुजर-बसर करता है. पति ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि घटना के समय भी वह मंडी गया हुआ था. जब शाम को घर लौटा तो पत्नी घर में बेहोश मिली और पास ही जहरीले पदार्थ की एक शीशी पड़ी थी. जिसके बाद वह तुरंत पत्नी को लेकर अस्पताल भागा. दो दिन बाद इलाज के दौरान पत्नी ने दम तोड़ दिया.

पत्नी ने मरने से पहले बता दी थी पड़ोसी से अफेयर की बात

पीड़ित पति के मुताबिक मरने से पहले उसकी पत्नी ने उसे पड़ोसी के साथ अफेयर की बात बताई. साथ ही यह भी बताया था कि उन दोनों की बातचीत प्रेमी ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली थी जो प्रेमी की पत्नी के हाथ लग गई. और उसने घर के म्यूजिक सिस्टम पर रिकॉर्डिंग प्ले कर पूरे मोहल्ले को सुना दी. इससे ना सिर्फ महिला मानसिक रूप से प्रताड़ित हुई.. उसकी बदनामी हुई और डिप्रेशन में आकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया.

प्रेमी और उसके घरवालों पर आरोप

पीड़ित पति ने आरोप लगाया है उसकी पत्नी को लंबे समय से मानसिक तौर पर प्रताड़ित और ब्लैकमेल किया जा रहा था. इसमें प्रेमी के साथ उसकी पत्नी और अन्य घरवाले शामिल थे. इस पूरे मामले की जानकारी के बाद पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है साथ ही अपनी जांच शुरू कर दी है.

पुलिस ने जब्त की ऑडियो रिकॉर्डिंग

पुरानी छावनी थाना प्रभारी संतोष यादव के मुताबिक पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने महिला और पड़ोसी के बीच बातचीत की रिकॉर्डिंग भी मोबाइल से जब्त कर लिया है. मामले में परिजनों के कथन और अब तक सामने आए तथ्यों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है. मामले में जांच जारी है.

Last Updated : August 20, 2026 at 6:05 PM IST