ग्वालियर में जुटेगा सवर्ण समाज, UGC और आरक्षण पर होगी रणनीति तैयार, दिग्गज करेंगे मंथन
UGC के खिलाफ ग्वालियर में होगी रणनीति तैयार, रविवार को ग्वालियर में जुटेगा सवर्ण समाज, आनंद स्वरूप महाराज होंगे मुख्य अतिथि

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 21, 2026 at 8:15 AM IST
|Updated : February 21, 2026 at 8:52 AM IST
ग्वालियर: यूजीसी, एट्रोसिटी एक्ट के दुरुपयोग और जातिगत आरक्षण के विरोध में अब सवर्ण समाज लामबंद हो गया है. ग्वालियर में आने वाली 22 फरवरी को एक बड़ा आयोजन कर इन विषयों को लेकर आंदोलन की रूप रेखा बनायी जाने वाली है. जिसमें शांभवी पीठ के पीठाधीश्वर आनंद स्वरूप महाराज के साथ सवर्ण समाज के तमाम लोग शामिल होने वाले हैं.
सरकार पर नहीं भरोसा, यूजीसी के लिए होगा मंथन
कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए ग्वालियर में सवर्ण समाज समन्वय समिति (एस4) द्वारा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया था. जिसमें बताया गया कि, आने वाले रविवार को होला के मंदिर स्थित एक मैरिज गार्डन में सामाजिक गोष्टी आयोजित की जा रही है. कार्यक्रम संयोजक अखिलेश पांडे और एड. आशुतोष दुबे ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए कहा कि, ''लगातार एक वर्ग को फायदा देने के लिए सवर्ण समाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है. जैसा की पहले एट्रोसिटी एक्ट में हुए बदलाव के समय सुप्रीम कोर्ट ने बिना जांच मुकदमा ना दर्ज करने का फैसला दिया था.
लेकिन सरकार ने बाद में उस पर अध्यादेश लाकर उसे कानून बना दिया. ठीक ऐसे ही अभी सुप्रीम कोर्ट ने यूजीसी पर रोक लगायी है लेकिन इस मामले में सरकार पर अब भरोसा नहीं है, वे दोबारा ऐसा कर सकते हैं. इसलिए इस गोष्ठी में यूजीसी को रोलबैक करने के लिए आगे क्या किया जाना है इस पर चर्चा की जाएगी.''
सवर्ण समाज का होगा अपना छात्र संगठन 'VOYE'
इसके साथ ही एट्रोसिटी एक्ट के दुरुपयोग की रोकथाम और जातिगत आरक्षण जैसे मुद्दों पर भी विचार विमर्श किया जाएगा. वहीं इसके साथ ही रविवार को एक अहम काम और भी होने वाला है. अखिलेश पांडे के मुताबिक़ "रविवार को सवर्ण समाज का एक नया छात्र संगठन भी बनाया जा रहा है, जिसका नाम 'वॉइस ऑफ़ यूथ इक्वलिटी' होगा जो सिर्फ सवर्ण समाज के युवाओं और छात्रों के लिए होगा. जिससे युवाओं और छात्रों में समानता का अधिकार हो क्योंकि आज हमें समानता का अधिकार नहीं मिल रहा है."

- UGC एक्ट के समर्थन में बारिश के बीच प्रदर्शन, सैलाना विधायक को रैली निकालने से रोका
- रीवा में UGC नए नियम के समर्थन में OBC, SC, ST का प्रदर्शन, कुत्ते को सौंपा ज्ञापन
- 15 मार्च को ग्वालियर कोर्ट में लगेगी अंबेडकर प्रतिमा! भीम आर्मी का ऐलान-1 लाख लोग बनेंगे गवाह
कौन कौन सी हस्तियां होंगी शामिल
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर सवर्ण समाज समन्वय समिति (एस4) के संस्थापक और शांभवी पीठ के पीठाधीश्वर आनंद स्वरूप महाराज शामिल होंगे. इनके अलावा भारत सरकार के पूर्व प्रधान आयुक्त डॉ. अनूप श्रीवास्तव, पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत, करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष राजीव सिंह चौहान भी मौजूद रहेंगे.

