ग्वालियर में ट्रक ने डेढ़ किलोमीटर तक कार को घसीटा, वीडियो देख खड़े हो जाएंगे रोंगटे
ग्वालियर में एक ट्रक में फंसी कार को डेढ़ किलोमीटर तक जिसने भी घसिटते देखा उसके उड़े होश. इसके बाद कार को गड्ढे में धकेला.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 1, 2026 at 4:57 PM IST
ग्वालियर: कल्पना कीजिए कि आप हाईवे पर कार से सफर कर रहे हों और कोई ट्रक आपकी कार को टक्कर मारते हुए उसे कई किलोमीटर तक घसीटता ले जाए और उसके बाद ट्रक चालक कार को खाई में गिराकर भाग खड़ा हो. कुछ राहगीर उस ट्रक को अपनी जान पर खेलकर रुकवाएं और पुलिस कहे कि उसे शिकायत का इंतजार है. ये कोई फिल्म की शूटिंग का हिस्सा नहीं बल्कि ग्वालियर में हकीकत में देखने को मिला. ये अलग बात है कि जाको राखे साईयां मार सके न कोई. कार में सवार 3 लोग सुरक्षित बच गए.
वीडियो देख खड़े हो जाएंगे रोंगटे
ये कोई फिल्मी सीन नहीं बल्कि हाईवे पर हुए एक एक्सीडेंट की हकीकत है. कुछ पल के लिए ही सही वीडियो देख आपके भी रोंगटे खड़े हो जाएंगे. इस घटना को जिसने भी देखा उसके होश उड़ गए. कई लोगों ने वीडियो बनाया और ट्रक को रुकवाने का प्रयास किया लेकिन मदहोश ट्रक चालक ब्रेक लगाने तैयार नहीं था.
वीडियो में देखा जा सकता है कि कार सवार ड्राइवर इस दौरान ट्रक से निकलकर आवाज देने की कोशिश कर रहा है लेकिन ट्रक चालक हर किसी को नजरअंदाज कर स्पीड कम करने को भी तैयार नहीं था. राहगीरों की जान जब हलक में आ गई तो सोच सकते हैं कि कार सवारों का क्या हाल हुआ होगा.
पहले टक्कर मारी फिर डेढ़ किमी तक घसीटी कार
यह घटना ग्वालियर के डबरा इलाके की है. आंतरी थाना क्षेत्र से गुजरे नेशनल हाईवे 44 पर बझेरा गांव की पुलिया के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने पहले कार को टक्कर मारी. इस टक्कर के बाद कार ट्रक में फंस गई. इसके बाद ट्रक ड्राइवर ने ट्रक को रोकने की बजाय कार को घसीटते हुए ट्रक लहराते हुए हाईवे पर दौड़ाने लगा. जिस वक्त हादसा हुआ उस दौरान कार में तीन लोग सवार थे. ट्रक के पीछे उस दौरान एक कार सवार चल रहा था उसने पूरी घटना मोबाइल में कैद की.

ट्रक ड्राइवर ने कार को खाई में गिराया फिर भागा
सड़क पर अनियंत्रित लहराता ट्रक और उसमें फंसी कार देख कर हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने कई बार ट्रक को रुकवाने का प्रयास किया. इसके बावजूद ट्रक चालक लगातार ट्रक भगाता रहा. करीब डेढ़ किलोमीटर तक कार घसीटने के बाद उसने हाईवे किनारे ही कार को एक गड्ढे में गिराकर फिर ट्रक को दौड़ा दिया. हालांकि इस मामले में गनीमत रही कि तीनों कार सवार बच गए.

राहगीरों ने हिम्मत दिखाते हुए ट्रक को रुकवाया
खाई में कार के गिरते हुए ट्रक चालक और तेज रफ्तार से भागा. इस दौरान काफी देर से ट्रक के पीछे चल रहे कार सवार रणजीत सिंह तोमर और एक बाइक सवार सेबू गुर्जर ने ट्रक का कई किलोमीटर तक लगातार पीछा किया और ट्रक को किसी तरह रुकवाया. इस घटना के बाद ट्रक चालक फरार होने की फिराक में था लेकिन तब तक राहगीरों और लोगों ने उसे हाईवे किनारे घेर लिया और उसकी जमकर धुनाई की.

राहगीरों ने लगाया पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
इस घटना के बाद लोगों ने पुलिस को फोन किया लेकिन घटनास्थल पर पुलिस नहीं पहुंची. इसके अलावा जिन कार सवारों के साथ घटना हुई वे भी पुलिस में शिकायत करने नहीं पहुंचे. लेकिन जिन लोगों ने यह वीडियो बनाया उसे सोशल मीडिया पर सर्कुलेट कर दिया. ड्राइवर के कार घसीटने तक उसके साथ हुई मारपीट का पूरा वीडियो राहगीरों ने बनाया. उनका आरोप है कि इतना सब होने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठाई.
- एक्सीडेंट देखने घर से निकाला पूरा परिवार, पीछे से खुद के मकान में ही घुसा ट्रक, सब तबाह
- महू में घाट पर भिड़े 6 वाहन, कार पर चढ़ी पिकअप, मुंबई-आगरा हाईवे 2 घंटे बाधित
वीडियो के बाद भी पुलिस को शिकायतकर्ता का इंतजार
इस पूरी घटना को लेकर जब आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा से संपर्क किया गया तो उनका कहना था कि "घटना शनिवार की है उनकी जानकारी में भी आई थी. ट्रक को बुलौआ क्षेत्र में रोक लिया गया है. लेकिन अब तक कोई व्यक्ति द्वारा इस घटना के संबंध में कोई शिकायत पुलिस में नहीं की गई है. यदि कोई शिकायतकर्ता सामने आता है तो घटना के संबंध में मामला दर्ज किया जाएगा."
इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि यदि कार सवारों लोगों के साथ कोई अनहोनी हो जाती और ट्रक फूंक दिया जाता, ड्राइवर को जान से मार दिया जाता, चक्काजाम कर दिया जाता तो भारी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंच जाती और मामला तुरंत दर्ज कर लिया जाता.

