ऑनलाइन गैंबलिंग पर क्राइम ब्रांच की रेड, वर्ल्डकप टी-20 मैच पर सट्टा लगवा रहा था यूपी का गैंग
ग्वालियर में सट्टा रैकेट का पर्दाफाश, जालौन जिले से आकर किराए के मकान में किया था सेटअप. वर्ल्डकप टी-20 मैच पर खिला रहे थे सट्टा.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 24, 2026 at 9:05 PM IST
ग्वालियर: क्राइम ब्रांच ने वर्ल्डकप टी-20 मैचेस में गैंबलिंग कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस गैंग के सदस्य विश्व कप टी-20 में होने वाले मैचेस में लोगों को सट्टा लगवाते थे. पुलिस की रेड में लाखों के सट्टे का रिकॉर्ड, गैंबलिंग इक्विपमेंट और करीब साढ़े 4 लाख रुपये कैश भी बरामद किया है. यूपी के जालौन जिले की यह गैंग यहां किराए का मकान लेकर अपना नेटवर्क चला रही थी.
वर्ल्डकप टी-20 मैचों पर गैंबलिंग करा रहा था सट्टा रैकेट
ग्वालियर क्राइम ब्रांच को कुछ समय से शहर में क्रिकेट पर सट्टे की जानकारी मिल रही थी. इसी आधार पर और मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम ने ग्वालियर के पिंटोपार्क इलाके में स्थित एक मकान में रेड किया. पुलिस जब मकान के अंदर घुसी तो सट्टे का लाइव खेल चल रहा था. मौके पर इस सट्टा गैंग के 3 सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़े, कमरे में एक लैपटॉप पर ऑनलाइन गैंबलिंग चल रही थी, ये सट्टा एक ऑनलाइन साइट के जरिए वर्ल्डकप टी-20 में वेस्टइंडीज और जिम्बाव्बे के मैच पर लगाया जा रहा था.
जालौन जिले से आकर किराए के मकान में किया था सेटअप
क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके से 3 लैपटॉप, 7 मोबाइल फोन, कई एटीएम कार्ड, सिमकार्ड के साथ लाखों के सट्टे का हिसाब-किताब बरामद किया. साथ ही टीम ने आरोपियों के पास से 4 लाख 49 हजार रुपए कैश भी जब्त किया है. पकड़े गए आरोपियों के नाम अभिषेक राजावत, सौरभ राजावत और अंशुल उपाध्याय है.
सीएसपी नागेंद्र सिकरवार ने बताया "पकड़े गए तीनों आरोपी उत्तर प्रदेश के जिला जालौन के रहने वाले हैं और ग्वालियर में किराए पर मकान लेकर ये पूरा खेल कर रहे थे. तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है."
- वॉकी टॉकी की मदद से एडवांस सटोरिए देते थे चकमा, पुलिस ने इस बार दिमाग लगा धर दबोचा
- आईपीएल ऑनलाइन सट्टा गैंग का भंडाफोड़, कटनी पुलिस ने 5 आरोपियों को मुंबई से दबोचा
मोहरे पकड़े, मास्टरमाइंड पुलिस की गिरफ्त से दूर
अब तक की पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि पकड़े गए तीनों आरोपी तो इस गैंबलिंग गैंग के मोहरे हैं. इनका मास्टरमाइंड अरविंद सिंह सिकरवार है और उसी ने किराए पर मकान लेकर ऑनलाइन सट्टे का पूरा सेटअप सेट किया था. हालांकि वह अभी पुलिस की पहुंच से दूर है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.

