सैंया तू काला मैं गोरी, तेरे साथ ना रहूंगी, जनसुनवाई में पहुंचे परिवार का बहू पर मारपीट का आरोप
ग्वालियर में परिवार ने बहू पर लगाए प्रताड़ना के आरोप. जनसुनवाई में पहुंची सास ने कहा झूठे केस में फंसाने की देती है धमकी.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 26, 2026 at 9:20 PM IST
ग्वालियर: बेटे से मारपीट करती है बहू, खाना भी नहीं देती. ग्वालियर में मंगलवार को हुई जनसुनवाई में एक परिवार अपनी बहू की प्रताड़ना से परेशान होकर पुलिस के आगे मदद की गुहार लगाने पहुंचा. उनका कहना था कि बहू बेटे के साथ नहीं रहना चाहती. वह उसके साथ मारपीट करती है. कहती है कि बेटा काला है और वह गोरी है, इसलिए साथ नहीं रहेगी. उसने पहले ही घर का बंटवारा करवा दिया और अब अपने पति से महंगी महंगी डिमांड करती है. पुलिस ने भी आवेदन लेकर मामले की जांच कराने की बात कही है.
'बहू ने जीना किया दुश्वार, करती है आईफोन और एसी की डिमांड'
ग्वालियर के गौसपुरा में रहने वाले एक परिवार ने अपने बेटे की शादी 2 साल पहले की थी. अपनी बहू से परेशान सास मंगलवार को जनसुनवाई में बेटे को लेकर पहुंची और बहू पर कार्रवाई को लेकर आवेदन दिया. इस दौरान उसका बेटा और बड़ी बहू भी साथ थी.
शिकायतकर्ता महिला का आरोप है, "उसके बेटे की पत्नी ने अब पूरे परिवार का जीना मुश्किल कर दिया है. वह आए दिन बेटे के साथ मारपीट करती है, घर के रोज के झगड़ों को देखते हुए परिवार ने बहू और बेटे के अलग रहने की व्यवस्था कर दी. रसोई भी अलग बनवा दी लेकिन ना तो बहू अपने पति को खाना देती है और ना ही नौकरी करने जाने देती है बल्कि उससे आईफोन, एसी, आरो, बड़ा घर जैसे चीजों की डिमांड करती है."
'बेटे और मुझे फंसाने घर में फांसी लगाने की भी की कोशिश'
फरियादी महिला का यह भी आरोप है, "बहू उनके परिवार को झूंठे केस में फंसाने की धमकी देती है, आए दिन बेटे से मारपीट भी करती है. उन्हें परेशान करने के लिए उसने खुद फांसी लगाने की भी कोशिश की और परिवार को फंसाने का प्रयास किया. वह ये सब परिवार से अलग होने के लिए कर रही है. कहती है कि उसका पति काला है और वह गोरी है, इसलिए उसके साथ नहीं रहना चाहती."
बहू के माता-पिता देते भी देते हैं धमकी
जब पीड़ित परिवार ने बहू की हरकतों से तंग आकर उसके माता-पिता से बात करने का प्रयास किया तो वह भी सीधे मुंह बात नहीं करते बल्कि धमका रहे हैं कि, पूरे परिवार को झूठा केस लगाकर जेल भेज देंगे. इन हालातों से अब परिवार तंग आ चुका है और समझने पर भी उनकी बहू उल्टा कहती है कि वह इसी तरह से व्यवहार करेगी कोई कुछ नहीं कर पाएगा. उन्होंने इस संबंध में ग्वालियर के किला गेट पुलिस थाने में भी शिकायत की थी. अब अपनी परेशानी को लेकर जनसुनवाई में भी आवेदन दिया है.
- ग्वालियर में 95 साल के बुजुर्ग ने दी जान, सुसाइड नोट में बड़ी बहू पर लगाए प्रताड़ना के आरोप
- अवैध संबंध के चक्कर में गई तीन की जान, पति पत्नी और वो का खूनी अंत
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस मामले को लेकर सीएसपी कृष्ण पाल सिंह का कहना है, "गौसपुरा से एक आवेदन आया है जिसमें फरियादी ने अपनी बहू के द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत की है. आवेदन ले लिया गया है और उस पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. फरियादी पक्ष ने जो तथ्य बताए हैं उनकी संबंधित थाने से भी जांच कराई जाएगी और जो वैधानिक कार्रवाई होगी वह की जाएगी."

