फिल्म 'यादव जी की लवस्टोरी' की कहानी क्या है? जिसको लेकर जारी है बवाल
ग्वालियर में यादव समाज ने आने वाली फिल्म 'यादव जी की लवस्टोरी' के पोस्टर जलाए. जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंप कर दी चेतावनी.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 24, 2026 at 11:24 AM IST
ग्वालियर : देशभर में 27 फ़रवरी को सिनेमा घरों में रिलीज़ होने जा रही फ़िल्म 'यादव जी की लव स्टोरी' के विरोध में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं. ग्वालियर में भी यादव समाज ने फ़िल्म पर रोक लगाने की मांग की है. ग्वालियर कलेक्ट्रेट पर सोमवार को यादव समाज के लोग प्रदर्शन करने पहुंचे. उन्होंने 'यादव जी की लव स्टोरी' का पोस्टर जलाकर और नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया.
फिल्म की कहानी को लेकर विवाद
फिल्म समीक्षकों के मुताबिक ‘यादव जी की लव स्टोरी’ की कहानी एक लड़की के प्यार और शादी को लेकर है. कहानी के अनुसार ये लड़की यादव समाज की है, जो बेहद संस्कारवान है. लेकिन उसे एक विशेष वर्ग के लड़के से प्यार हो जाता है. वह उससे शादी करना चाहती है. लेकिन दोनों का धर्म उनके प्यार के आड़े आता है. परिवार के लोग समाज में ही शादी करना चाहते हैं. इस फिल्म के प्रोड्यूसर संदीप तोमर हैं.
फ़िल्म के टाइटल और पात्रों पर आपत्ति
यादव समाज ने फ़िल्म से जुड़ी अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा है. प्रदर्शनकारी लोगों को फ़िल्म के टाइटल में 'यादव जी' नाम से आपत्ति है. उनका कहना है इस फ़िल्म में जिस तरह लवजिहाद दिखाया जा रहा है, उससे सामाजिक स्तर पर संघर्ष की स्थिति पैदा होगी. इसलिए इस पर रोक लगनी चाहिए. प्रदर्शन कर रहे आलोक यादव का कहना है "जब तक इस फ़िल्म को पूरी तरह बैन नहीं कर दिया जाता, तब तक देशभर में यादव समाज प्रदर्शन करता रहेगा."

फिल्म रिलीज हुई तो परिणाम भयानक
यादव समाज के लोगों का कहना है "अगर देश के किसी भी सिनेमाघर में ये फ़िल्म रिलीज हुई तो इसके परिणाम बहुत भयानक होंगे." चेतावनी भी दी है कि सभी सिनेमा घरों में प्रशासन द्वारा इस संबंध में नोटिस चस्पा किये जाएं. यादव समाज किसी भी समाज के ऊपर कोई अभद्रता नहीं करना चाहता, ना ही अपने समाज पर अभद्रता सहेंगे. यादव समाज संगठन के प्रदेश प्रभारी मोनू यादव का कहना है "यादव जी की लव स्टोरी फ़िल्म के विरोध में उन्होंने ज्ञापन दिया है और मांग की है कि फ़िल्म ग्वालियर में नहीं लगना चाहिए और ना ही इसके बैनर पोस्टर लगाये जाएं."

- 'घूसखोर पंडित' का विरोध, अभिनेता विक्रम मस्ताल शर्मा का अल्टीमेटम
- विवादों में फिल्म 'आलिया बसु गायब है', ऑल इंडिया उलेमा बोर्ड का फतवा
फिल्म का टाइटल नहीं बदला तो उग्र आंदोलन
यादव समाज ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि किसी भी समाज के नाम से इस तरह के फ़िल्म टाइटल नहीं होने चाहिए. अगर प्रशासन द्वारा मांग नहीं मानी गई तो यादव समाज उग्र आंदोलन करेगा. इस बारे में ज्ञापन लेने के बाद डिप्टी कलेक्टर अनिल राघव का कहना है "फ़िल्म के नाम को लेकर ज्ञापन मिला है. इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा."

