थाने में बुजुर्ग की नहीं सुनी गुहार, SP कार्यालय ले आया 'WWE रेसलर सांगा', जानिये क्या हुआ कांड
ग्वालियर में 85 वर्षीय बुजुर्ग के बैंक अकाउंट में नाती ने अपना नंबर कराया लिंक, धीरे-धीरे 35 लाख रुपए लगाए ठिकाने.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : April 25, 2026 at 1:34 PM IST
ग्वालियर: एसपी कार्यालय में आए एक बुजुर्ग ने सबका ध्यान अपनी और खींच लिया, जब वह अपने साथ WWE के मशहूर रेसलर 'सांगा' को लेकर पहुंचा. क्योंकि बुजुर्ग के साथ लाखों की ठगी हुई थी और पुलिस सुनने को तैयार नहीं थी. ग्वालियर के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शुक्रवार को अचानक WWE के रेसलर रह चुके सांगा यानी सौरभ गुर्जर एक बुजुर्ग के साथ पहुचे. उन्हें देखते ही हर कोई हैरान रह गया. पता चला के वे डबरा के रहने वाले एक बुजुर्ग को न्याय दिलाने आए हैं. बुजुर्ग के बैंक खाते से 35 लाख रुपये निकल गए थे. आरोप है कि, डबरा पुलिस सुनवाई नहीं कर रही थी.
नाती ने बैंक खाते में दर्ज कराया नंबर
असल में डबरा निवासी 85 वर्षीय बुजुर्ग आराम सिंह गुर्जर ने आईसीआईसीआई बैंक में अपना खाता खुलवाया था. उनकी भतीजी ग्वालियर के महलगांव इलाके में रहती है. उसके बेटे जितेंद्र सिंह गुर्जर ने धोखे से बुजुर्ग के बैंक खाते में अपना मोबाइल नंबर दर्ज करा दिया. इसके बाद उसने अपने मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर यूपीआई आईडी बनाई. इसके बाद आरोपी जितेंद्र ने धीरे-धीरे बुजुर्ग के बैंक खाते से यूपीआई के जरिए करीब 35 लाख रुपये दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर कर लिए.
बैंक जाने पर मिली जानकारी
करीब 6 महीने पहले जब बुजुर्ग आराम सिंह बैंक गया तो पता चला कि उसके बैंक खाते से 35 लाख रुपये निकाले जा चुके हैं. अचानक इतनी रकम का गबन होने की जानकारी मिलते ही बुजुर्ग सदमे में आ गया. उसने इस बारे में जब भतीजी के बेटे जितेन्द्र से बात की तो उसने ना सिर्फ रुपये लौटाने से मना कर दिया बल्कि बुजुर्ग को धमकाया भी.
पुलिस ने नहीं सुनी तो WWE रेसलर से मदद की गुहार
परेशान बुजुर्ग ने इसकी शिकायत डबरा थाने में की, लेकिन पुलिस ने आज तक कोई एक्शन नहीं लिया. पीड़ित आराम सिंह गुर्जर ने बताया, "मेरे बैंक खाते में करीब सवा करोड़ रुपये जमा थे, हम जमीन खरीदने के लिए एडवांस देने बैंक से पैसे निकालने गए थे, इस दौरान मुझे घटना की जानकारी मिली. मामले की पुलिस को शिकायत की, लेकिन आज तक आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई. जिससे आहत होकर हमने अपने ही समाज के सौरभ गुर्जर से मदद मांगी. जो WWE के रेसलर रह चुके हैं. उन्हें सांगा नाम से पहचाना जाता है. शुक्रवार को सौरभ गुर्जर बुजुर्ग के साथ ग्वालियर एसपी से मिलने पहुंचे."

बुजुर्ग की मदद को आगे आए सौरभ गुर्जर
रेसलर सौरभ गुर्जर ने बताया, "मेरे यहां के बुजुर्ग 35 लाख की धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं और उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है. वे दो बार पुलिस जनसुनवाई में भी आ चुके हैं लेकिन उसका भी कोई निष्कर्ष नहीं निकला. इसलिए मैं आज बुजुर्ग के साथ आया हूं. शायद मेरे प्रयास से बुजुर्ग की मदद हो जाए. बुजुर्ग के आगे-पीछे कोई देखभाल के लिए भी नहीं है. इसलिए मैं साथ आया हूं."
पुलिसिंग सिस्टम से हुई निराशा
सौरभ गुर्जर ने आगे कहा कि, ''ये पूरी धोखाधड़ी बैंक खाते से की गई है. रकम लेन-देन का पूरा रिकॉर्ड है. इसके बावजूद बुजुर्ग की शिकायत नहीं सुनी जा रही है यह बड़ी बात है. कहीं ना कहीं निराशा वाली बात है कि हमारा सिस्टम किस तरह काम कर रहा है. हालांकि अगर यहां उनकी सुनवाई नहीं होती है तो वे खुद से तो जो मदद कर सकेंगे करेंगे. साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से अपने अन्य सेलिब्रिटी दोस्तों के साथ मिलकर एक मुहिम चलाएंगे और इस मुद्दे को इतना बड़ा बनायेंगे की ना सिर्फ आराम सिंह बल्कि उनके जैसे दूसरे बुजुर्गों के लिए राज्य स्तर पर सरकार को बड़ा निर्णय लेना पड़ेगा.''

- 8वीं फेल निकला साइबर ठग, जेल में सीखी ठगी की टेक्निक, ई सिम जनरेट कर हजारों उड़ाए
- रीवा में किडनी ट्रांसप्लांट के नाम पर 56 लाख की ठगी, शातिर जालसाज हरदा से गिरफ्तार
डबरा से डब्ल्यूडबल्यूई और फिर बॉलीवुड तक का सफर
सौरभ गुर्जर डब्ल्यूडब्ल्यूई रेसलर होने के साथ-साथ एक टीवी और फिल्म कलाकार भी हैं. वे साल 2013 में आए महाभारत टीवी सीरियल में भीम का किरदार निभाया था. इसके अलावा कई अन्य टीवी शोज भी किये हैं. साल 2022 में आई रणवीर कपूर फेम फिल्म ब्रह्मास्त्र से बॉलीवुड में डेब्यू भी किया है. सौरभ ग्वालियर के ही डबरा क्षेत्र के रहने वाले हैं और फिलहाल मुंबई में रहते हैं, लेकिन वे अक्सर अपने गृह क्षेत्र में आते रहते हैं.

