ETV Bharat / state

आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस, तलाशी में मिला हथियारों का जखीरा, घर में खोल रखा था हथियारखाना

ग्वालियर में ब्यूटी पार्लर संचालिका के साथ मारपीट, घर में घुसकर फायरिंग और कार में तोड़फोड़ करने के दो आरोपी गिरफ्तार.

POLICE FOUND ILLEGAL WEAPONS STOCK
ग्वालियर में आरोपी के घर पुलिस को मिला हथियारों का जखीरा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 25, 2026 at 10:20 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से गोलीबारी का मामला सामने आया है. यहां गाड़ी निकालने को लेकर एक ब्यूटी पार्लर संचालिका और बदमाश के बीच जमकर विवाद हो गया, जिसके बाद बदमाश ने अपने दो बेटों सहित अन्य लोगों के साथ मिलकर महिला के घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ कर फायरिंग कर दी. मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस आरोपी के घर पहुंची और तलाशी में जुट गई. तलाशी के दौरान आरोपियों के घर से हथियारों का जखीरा बरामद हुआ है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित 2 को गिरफ्तार किया, वहीं 3 आरोपी अभी भी फरार है.

आपसी विवाद में गोलीबारी

सिरोल थाना क्षेत्र के मॉडल टाउन में रहने वाली पीड़िता का लेजर ट्रीटमेंट और बॉडी सॉल्यूशन का काम है. सोमवार रात वह कार से घर लौट रही थीं. इस दौरान आरोपी बंटी यादव अपने घर के बाहर सड़क पर सीढ़ी खड़ी किए हुआ था. जब युवती ने रास्ते से सीढ़ी हटाने के लिए कहा तो आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज कर दी. आरोप है कि इस दौरान महिला से मारपीट का भी प्रयास किया गया.

Gwalior WEAPONS STOCK FOUND
आरोपी के पुश्तैनी घर में मिला हथियारों का जखीरा (ETV Bharat)

घर में घुसकर मारपीट और फायरिंग

आरोप है कि विवाद के बाद आरोपी बंटी यादव अपने दो बेटे अंशुल यादव और अनिकेत यादव सहित एक अन्य युवक सूर्या यादव के साथ लाठी-डंडे लेकर युवती के घर पहुंचा और हमला कर दिया. इस दौरान घर में बैठे दो मेहमानों से भी मारपीट की गई. साथ ही फरियादी और उनकी बेटियों को बाहर खींचकर मारपीट का प्रयास किया गया. इसके बाद बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ की और आखिर में फायरिंग कर मौके से फरार हो गए. पूरी घटना घर में मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया और पुलिस को सूचना दी.

ग्वालियर फायरिंग मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार (ETV Bharat)

पुश्तैनी घर में मिला हथियारों का जखीरा

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश शुरू की. जब वहां बदमाश नहीं मिले तो पुलिस ने आरोपी बंटी यादव के हुरावली में बने पुश्तैनी मकान पर दबिश दी. जहां आरोपी का भाई मनीष यादव और बहन सपना यादव मिले. घर की तलाशी के दौरान पुलिस भौचक्की रह गई. क्योंकि घर की तलाशी में पुलिस को अवैध हथियारों का जखीरा मिला है. पुलिस ने सभी अवैध हथियार जब्त कर आरोपी बंटी की बहन सपना और भाई मनीष यादव को भी गिरफ्तार कर लिया.

मामले का खुलासा करते हुए ग्वालियर एएसपी विदित डागर ने बताया, "आरोपी बंटी यादव और उसके दोनों बेटे अवैध वसूली और लोगों को डराने धमकाने का काम करते हैं और अवैध हथियार रख रहे थे. पुलिस को घर की तलाशी में 315 बोर की 3 राइफल, 32 बोर की दो पिस्टल, 315 बोर का एक कट्‌टा, 315 बोर के 52 जिंदा कारतूस, 32 बोर के 17 जिंदा कारतूस, 306 बोर के छह कारतूस, 22 गोलियां अलग-अलग बोर की और 9 मैग्जीन भी मिली हैं."

आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज

पुलिस ने फरियादी महिला की शिकायत पर मुख्य आरोपी बंटी यादव और उसके दोनों बेटे अंशुल और अनिकेत पर गाली गलौज, मारपीट, तोड़फोड़, फायरिंग सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. वहीं मुख्य आरोपी बंटी यादव उसके दोनों बेटे अंशुल और अनिकेत के साथ-साथ बंटी के भाई मनीष यादव और बहन सपना यादव के खिलाफ अलग से अवैध हथियार रखने के संबंध में आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.

अवैध हथियारों के मामले पुलिस ने सपना और मनीष को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि मुख्य आरोपी बंटी और उसके दोनों बेटों अभी फरार है. एएसपी विदिता डागर ने कहा, "मुख्य आरोपी बंटी के गिरफ्तार के बाद अवैध हथियारों के संबंध में पूछताछ की जाएगी."