कर्मचारियों की बहादुरी से चोरी नाकाम, चोरों को फैक्ट्री वर्कर्स ने केबिन में किया बंद
ग्वालियर में एक फैक्ट्री में चोरी करने घुसे 2 नाकाबपोश, कर्मचारियों ने ऑफिस का गेट बंद कर चोरों को पुलिस के हवाले करवाया.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 3, 2026 at 9:46 PM IST
ग्वालियर: बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुरम में स्थित एक गैस चूल्हे बनाने की फैक्ट्री में आधी रात दो नकाबपोश चोरों को चोरी करना भारी पड़ गया. यहां फैक्ट्री में सो रहे वर्कर्स ने ऑफिस केबिन को बाहर से लॉक कर दिया, जिससे दोनों चोर ऑफिस में ही कैद हो गये. घटना की सूचना मिलने पर फैक्ट्री मालिक मौके पर पहुंचे और दोनों चोरों को पुलिस के हवाले कर दिया. इस पूरे मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब सर्कुलेट किया जा रहा है.
कर्मचारियों की बहादुरी से चोरी नाकाम
असल में बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीपुरम कॉलोनी में गैस चूल्हा बनाने की फैक्ट्री में दो नकाबपोश चोरों ने सेंध लगाने की कोशिश की. दोनों चोर फैक्ट्री की दीवार में छेद कर उसके जरिए फैक्ट्री के अंदर दाखिल हुए और फिर दबे पांव फैक्ट्री के अंदर बने ऑफिस केबिन में पहुंच गए. चोरी की नीयत से घुसे दोनों नकाबपोश चोर इस बात से बेखबर थे कि फैक्ट्री के अंदर कुछ वर्कर मौजूद थे जो खटपट की आहट सुन कर नींद से जाग गए थे.
ऑफिस में चोरों को बंद कर दिया
फैक्ट्री कर्मचारियों ने मौका पाते ही दोनों चोरों को ऑफिस के केबिन में बंद कर दिया और दरवाजा बाहर से लॉक कर दिया. जिसके बाद कर्मचारियों ने फैक्ट्री के मालिक युवराज अग्रवाल को घटना की जानकारी दी. घटना की सूचना मिलते ही वो तुरंत फैक्ट्री पहुंचे और पुलिस को कॉलकर घटना की सूचना दी. जिसके बाद पुलिस तुरंत पहुंची और दोनों चोरों को हिरासत में लेकर बहोड़ापुर थाने ले गई. चोरों की सारी करतूत अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.

- चोरों ने चूर किए अरमान, जिन जेवरों से श्रृंगार कर बनने वाली थी दुल्हन, वही चुरा ले गए
- वेयर हाउस से चोरी हो गई 4 करोड़ की मूंग, ताला तोड़ते ही गायब मिलीं 10200 बोरियां
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
फैक्ट्री मालिक युवराज अग्रवाल ने बताया, "चोरों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया है. अब पुलिस उसके खिलाफ उचित कार्रवाई करे. लक्ष्मीपुरम इलाके में पुलिस को रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है." मामले में बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार ने कहा, दोनों चोरों को थाने लाने के बाद घटनास्थल से कोई भी शिकायत करने नहीं आया. जिसपर स्व संज्ञान लेकर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है."

