ETV Bharat / state

बरेठा टोल प्लाजा पर फायरिंग कर चिट्ठी छोड़ी, लिखा- हाईवे बनाओ या टोल हटाओ

ग्वालियर के बरेठा टोल प्लाजा पर फिल्मी स्टाइल में फायरिंग. फायरिंग करने वाले युवक ने टोल केबिन में एक पत्र भी छोड़ा है.

Baretha Toll Plaza Firing
बरेठा टोल प्लाजा पर फायरिंग कर चिट्ठी छोड़ी (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 24, 2026 at 12:23 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

ग्वालियर : ग्वालियर-भिंड बॉर्डर पर स्थित बरेठा टोल प्लाजा पर फायरिंग से कर्मचारियों में दहशत है. फायरिंग करने वाला युवक सीसीटीवी में कैद हो गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. फायरिंग करने वाला युवक टोल केबिन में चिट्ठी पकड़ा कर गया है, जिसमें हाईवे बनाने या टोल हटाने की मांग की गई है.

लंबे समय से हाईवे सिक्स लेन करने की मांग

लोगों का कहना है कि लंबे समय से ही ग्वालियर-इटावा हाईवे को सिक्स लेन बनाने की मांग चल रही है. लेकिन कई हादसों के बावजूद अब तक इस पर काम नहीं हो सका है, जिससे आक्रोश बढ़ता जा रहा है. बरेठा टोल प्लाजा पर हुई फायरिंग की घटना सोमवार देर शाम की है. बाइक पर आए बदमाश ने टोल प्लाजा पर पहुंचकर टोल केबिन में कर्मचारी को एक चिट्ठी पकड़ायी, फिर पिस्टल से फायरिंग की और फरार हो गया. चिट्ठी में जनप्रतिनिधियों और नेताओं के ख़िलाफ़ ग़ुस्सा दिख रहा है.

Baretha Toll Plaza Firing
चिट्ठी में लिखा- हाईवे बनाओ या टोल हटाओ (ETV BHARAT)

टोल केबिन में छोड़ी चिट्ठी में क्या लिखा है

फायरिंग के बाद फेंकी गई चिट्ठी हाथ से लिखी हुई है, जिसमे 16 फरवरी को हुई आकाश भदौरिया नाम के युवक की मौत का जिक्र है. चिट्ठी में लिखा है "या तो हाईवे बनाओ, या टोल हटाओ, आकाश भदौरिया जैसा अब कोई नहीं मरेगा. नेताओं को भले ही अपने फ्लैट बेचने पड़ें. इस हाईवे का काम अब चालू होना चाहिए. अगर कार्य चालू नहीं हुआ तो मैं इससे भी बड़ा काम करने को तैयार हूं. सरकार अंधी हो चुकी है. भिंड से ग्वालियर के बीच 80 किलोमीटर के इलाके में मौत के आंकड़े हद से ज्यादा बढ़ गए हैं."

हेलमेट पहने था फायरिंग करने वाला युवक

इस घटना के बाद टोल प्लाजा पर काम करने वाले कर्मचारी भी दहशत में हैं, क्योंकि ये घटना जब हुई, उस वक्त टोल केबिन में एक कर्मचारी भी मौजूद था, जो फायरिंग के साथ ही केबिन में गिरता दिखाई दे रहा है. घटना की जानकारी मिलने पर मालनपुर और महाराजपुरा पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार का कहना है "मामले की जांच की जा रही है. फायरिंग करने वाले युवक ने हेलमेट पहन रखा था, उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं."