बाबा साहब की तस्वीर जलाने के आरोप में 7 पर FIR, बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष समेत 5 गिरफ्तार
ग्वालियर में बाबा साहब की तस्वीर जलाने के आरोप में 5 लोग गिरफ्तार, एनएसए की मांग पर अड़े दलित संगठन.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 2, 2026 at 9:42 PM IST
ग्वालियर: अंबेडकर विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है, जहां एक ओर वर्ग विशेष से जुड़े लोग मध्य प्रदेश और उत्तरप्रदेश में मनुस्मृति ग्रंथ जला रहे हैं. वहीं ग्वालियर में इसका विरोध कर रहे रक्षक मोर्चा पर बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की तस्वीर जलाने का आरोप लगा है. इस घटना के बाद दलित संगठन ने विरोध में एसपी ऑफिस में धरना दिया. जिस पर ग्वालियर हाईकोर्ट बार एसोशिएशन के पूर्व अध्यक्ष और रक्षक मोर्चा के संरक्षक एडवोकेट अनिल मिश्रा समेत 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज हो गया.
मामला दर्ज, 5 लोग गिरफ्तार
गुरुवार देर रात दर्ज हुए इस मामले के बाद पुलिस ने एडवोकेट अनिल मिश्रा समेत 5 आरोपियों की गिरफ्तारी भी कर ली. लेकिन भीम आर्मी समेत दलित संगठन आरोपियों पर एनएसए की कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं. वहीं दूसरी ओर मामले में अनिल मिश्रा की गिरफ्तारी के बाद रक्षक मोर्चा के सदस्य और कार्यकर्ता भी भड़के हुए हैं. इस बीच शुक्रवार को पुलिस ने अनिल मिश्रा सहित चारों आरोपियों का मुरार जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया और फिर उन्हें जिला न्यायालय में पेश करने ले जाया गया.
छावनी में तब्दील जिला न्यायालय
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय में चल रहे दलित संगठनों के प्रदर्शन के बीच जिला न्यायालय भी छावनी में तब्दील नजर आया. हर आने-जाने वाले के लिए पुलिस की पूछताछ दिखाई दी. कोर्ट के मेन गेट से लेकर न्यायालय बिल्डिंग के मुख्य दरवाजे तक को पुलिसकर्मियों द्वारा बंद करके रखा गया.

फरियादी पहुंचे कोर्ट, सख्त कार्रवाई की मांग
इस बीच मामला दर्ज कराने वाले फरियादी मकरंद बौद्ध को भी कोर्ट रूम में बुलाया गया. न्यायालय से वापस आने पर जब मीडिया ने उनसे सवाल करना चाहा तो पुलिस उन्हें साथ ले गई. हालांकि उनका कहना था कि "इन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होना चाहिए, ये लोग गुंडे हैं. जातिवादी और आतंकवादी प्रवृत्ति को बढ़ाने का काम कर रहे हैं."
प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
कलेक्ट्रेट में भी प्रदर्शनकारी एनएसए की मांग पर अपना विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. इसके लिए उन्होंने एक ज्ञापन भी एसडीएम को सौंपा है. जिसको लेकर एसडीएम सीबी प्रसाद का कहना है कि "पोस्टर जलाने के मामले में एक ज्ञापन प्रदर्शनकारियों ने दिया है. इस मामले में पुलिस द्वारा पहले ही कार्रवाई की जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई है लेकिन ज्ञापन में की गई धराएं बढ़ाने की मांग का निर्णय कोर्ट पर निर्भर करता है."

- बाबा साहब का अपमान करने वालों पर एनएसए लगाए सरकार, आजाद समाज पार्टी का अल्टीमेटम
- नहीं थम रहा मनुस्मृति विवाद! यूपी की तर्ज पर FIR की मांग को लेकर सड़क पर उतरे लोग
वीडियो सर्कुलेट होने के बाद एफआईआर
एक वीडियो सर्कुलेट होने बाद मामले ने तूल पकड़ा हुआ. गुरुवार को ही रक्षक मोर्चा ने मनुस्मृति जलाने के विरोध में ग्वालियर आईजी से मिलकर कार्रवाई की मांग की थी. इसके बाद एक युवक का तस्वीर को जलाते और नारेबाजी करते हुए वीडियो सर्कुलेट हुआ था, जिसमें अन्य लोग भी थे. इस वीडियो के सामने आने के बाद दलित संगठनों ने गुरुवार रात साइबर पुलिस में एडवोकेट अनिल मिश्रा समेत 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी.

