ETV Bharat / state

ऑनलाइन गेमिंग में फंसा छात्र खुद गायब हुआ या अपहरण? ग्वालियर पुलिस बेसुराग

ग्वालियर से एक सप्ताह पहले गायब हुए 10 वीं के छात्र का सुराग नहीं. फ्री फायर गेम के लत का शिकार. पुलिस की सर्चिंग जारी.

Gwalior student missing
ऑनलाइन गेमिंग में फंसा छात्र गायब, अपहरण का केस दर्ज (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : July 8, 2026 at 6:00 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

ग्वालियर : ऑनलाइन गेमिंग की लत बच्चों के लिए घातक साबित हो रही है. ग्वालियर में भी ऑनलाइन गेम फ्री फायर गेम खेलने वाला हाई स्कूल का छात्र करीब 8 दिन से लापता है. पुलिस ने अपहरण की आशंका के चलते मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज व अन्य माध्यम से सुराग लगाने की कोशिश जारी है.

दोस्तों के साथ ट्रेन से गायब हुआ

ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र के मेहरा कॉलोनी में रहने वाले व्यक्ति का 15 साल का बेटा बीती 30 जून की सुबह 8 बजे घर से बिना बताए कहीं निकल गया. जब शाम तक वापस नहीं लौटा तो परिवार वालों ने दोस्तों से पूछताछ शुरू की, जिस पर पता चला कि छात्र मोबाइल पर ऑनलाइन गेम 'फ्री' फायर गेम खेलता था और कुछ दोस्तों के साथ वह ग्वालियर स्टेशन से केरल एक्सप्रेस ट्रेन में बैठकर गया है.

अपहरण का मामला दर्ज, अब तक सुराग नहीं

दोस्तों से परिवार को जानकारी मिली लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी जब बेटा वापस नहीं लौटा तो परिवार ने थाटीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई. छात्र नाबालिग है. ऐसे में पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया है, लेकिन छात्र को लापता हुए एक हफ्ता बीत चुका है, और अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका है. पुलिस को भी अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है.

बेटे के लापता होने से परिवार बेहाल

8 दिन से लापता बेटे के लिए परेशान पिता का कहना है कि उन्हें नहीं पता था कि बेटा ऐसे किसी गेम के चक्कर में घर छोड़ कर चला जाएगा. पुलिस से भी शिकायत की लेकिन आज तक कुछ पता नहीं चल सका. अब तो बस हाथ जोड़कर पुलिस से विनती है कि बेटे को कहीं से भी ढूंढ़कर ले आएं. वहीं मां भी बेटे को लेकर चिंतित है. घर में किसी के हलक से भोजन का निवाला नहीं उतर रहा है, वे बस अपने बेटे को वापस चाहती हैं.

ऑनलाइन दोस्तों की सर्चिंग

पुलिस का कहना है कि छात्र फ्री फायर गेम का शौकीन था और उसके कई ऑनलाइन दोस्त हैं. इन्हीं कनेक्शन के आधार पर तकनीकी जांच की जा रही है. एएसपी जयराज कुबेर का कहना है "रेलवे स्टेशन और ट्रेन के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. जल्द ही बच्चे को तलाश लिया जाएगा." इधर, परिजनों का कहना है कि वह सिर्फ पढ़ाई और खेेलकूद तक सीमित था. घर से कभी अकेले नहीं गया. परिजन किसी अनहोनी की आशंका से डरे हुए हैं.