नया गोरखपुर की पहली टाउनशिप, गुरुकुल सिटी जल्द होगी लांच
बढ़ती आबादी की आवासीय जरूरतों को पूरा करने के लिए (GDA) की ओर से नया गोरखपुर परियोजना की शुरूआत हो चुकी है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 4, 2026 at 3:50 PM IST
गोरखपुर: शहर की बढ़ती आबादी की आवासीय जरूरतों को पूरा करने के लिए गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) की ओर से नया गोरखपुर परियोजना शुरू की गई है. इसकी पहली टाउनशिप के रूप में गुरुकुल सिटी को जल्द लांच किया जाएगा. इसके लिए गोरखपुर विकास प्राधिकरण मूलभूत सुविधाएं जैसे सड़क, नाली, बिजली और पर्यावरण संरक्षण को तैयार करने में जुट गया है.
गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल नें कहा कि इस प्रस्ताव पर विकास प्राधिकरण की 130वीं बोर्ड की बैठक में मोहर लग चुकी है, लेकिन काम शुरू नहीं हो पाया है. हालांकि, सड़क, नाली और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर को खड़ा करने के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. जिस फार्म को काम मिला है वह जल्द इसे धरातल पर उतारने की कवायद शुरू कर देगा.
गुरुकुल सिटी योजना के अंतर्गत सड़को के निर्माण कार्य प्रारंभ किये जाने के निर्देश दे दिये गये हैं. प्राधिकरण द्वारा इस योजना के लिए जिन गावों में भूमि अधिग्रहण किये जाने थे, वह कार्रवाई भी पूरी कर ली गई है. किसानों को जमीन के बदले उचित मुआवजा भी दे दिया गया है और उनको भी विकास से जोड़ने की नीति बनाई जा रही है.
गोरखपुर विकास प्राधिकरण के अनुसार, नए गोरखपुर के लिए 6000 एकड़ भूमि अधिग्रहित की जाएगी, जिसमें से तीन हजार एकड़ भूमि अधिग्रहण किया जा चुका है. इसमें मल्टी स्टोरी हाई राइज बिल्डिंग बनाएगी जाएगी, वहीं निजी आवास के लिए भूमि भी आवंटन किया जाएगा. कमर्शियल गतिविधियों के लिए एक बड़ा बाजार पॉइंट भी बनाया जाएगा.
गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने किसानों से मनीराम, रहमत नगर, सोनबरसा और बालापार की करीब 159 हेक्टेयर जमीन खरीदी है. जमीन का मुआवजा सर्किल रेट के लगभग चार गुना 35 लाख 70000 प्रति हेक्टेयर की दर से दिया है. इसी प्रकार अन्य गांव से भी जमीन की खरीद हुई है. जिसमें गोरखपुर, कुशीनगर रोड के तीन गांव माड़ापार, कोनी और तकिया मेदनीपुर की कुल 252 हेक्टेयर जमीन शामिल है.
ये भी पढ़ें: गोरखपुर में गुरुकुल सिटी आवासीय योजना लांच होगी; GDA बोर्ड बैठक में इन प्रस्तावों पर हुई चर्चा

