ETV Bharat / state

एक घंटे की बारिश ने खोली गुरुग्राम की पोल, सड़कें बनीं तालाब, वर्क फ्रॉम होम की एडवायजरी जारी

गुरुग्राम में बारिश के बाद जलभराव और पांच किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया है. इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

GURUGRAM RAIN WATERLOGGING
एक घंटे की बारिश ने खोली गुरुग्राम की पोल (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : August 24, 2026 at 5:17 PM IST

|

Updated : August 24, 2026 at 6:20 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

गुरुग्राम: गुरुग्राम में बारिश ने एक बार फिर शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है. महज एक घंटे की बारिश के बाद कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं. जलभराव के चलते लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई जगह वाहनों की रफ्तार थम गई और ट्रैफिक व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई.

पटेल नगर में घुटनों तक भरा पानी: वहीं, गुरुग्राम के पटेल नगर में बारिश के बाद हालात सबसे ज्यादा खराब नजर आए. यहां सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया. राहगीरों और वाहन चालकों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा. स्कूली छात्रों को भी जलभराव के कारण परेशानी उठानी पड़ी. कई दोपहिया वाहन पानी में फंसकर बंद हो गए, जबकि कार चालक धीमी रफ्तार से निकलते दिखाई दिए.

एक्सप्रेसवे पर 5 KM लंबा जाम, हजारों वाहन फंसे (ETV Bharat)

दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर 5 KM लंबा जाम: इसके साथ ही बारिश का असर दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर भी देखने को मिला. सिग्नेचर टावर से हीरो होंडा चौक तक पांच किलोमीटर से ज्यादा लंबा जाम लग गया. हजारों वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे. दिल्ली से जयपुर की ओर जाने वाले वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हुई. सामान्य दिनों में जिस दूरी को तय करने में करीब 15 मिनट लगते हैं, बारिश के बाद उसी रास्ते को पार करने में 40 से 50 मिनट तक लग गए. लंबा जाम लगने से वाहन चालकों को काफी समय सड़क पर ही बिताना पड़ा.

GURUGRAM RAIN WATERLOGGING
सड़कें बनीं तालाब (ETV Bharat)

स्थानीय लोगों की बढ़ी परेशानी: वहीं, एक स्थानीय निवासी ने कहा कि, "हर बार बारिश होते ही गुरुग्राम में जलभराव और जाम की स्थिति बन जाती है. आखिर इस समस्या का स्थायी समाधान कब होगा?".बता दें कि बारिश के बाद सामने आए हालात ने एक बार फिर शहर के जलनिकासी और ट्रैफिक प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

वर्क फ्रॉम होम की एडवायजरी जारी : वहीं गुरुग्राम आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखते हुए कहा है कि" 24 अगस्त 2026 को गुरुग्राम में हुई भारी बारिश को देखते हुए, ज़िले में कई जगहों पर जलभराव और ट्रैफ़िक जाम की संभावना है. सभी कॉर्पोरेट ऑफ़िसों और सरकारी व प्राइवेट स्कूलों/संस्थानों को सलाह दी जाती है कि वे अपने कर्मचारियों/स्टाफ़ को 25 अगस्त 2026 को घर से काम (वर्क फ़्रॉम होम) करने के लिए कहें. इस सलाह से ट्रैफ़िक जाम कम करने और सिविक एजेंसियों द्वारा सड़कों व नालियों की मरम्मत और रखरखाव का काम आसानी से करने में मदद मिलेगी. नागरिकों से सहयोग करने और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने का अनुरोध किया जाता है."

ये भी पढ़ें:हरियाणा के तीन जिलों में आज होगी झमाझम बारिश, 14 जिलों में बूंदाबांदी के आसार

Last Updated : August 24, 2026 at 6:20 PM IST