"पेट्रोल डालकर कंपनी में आग लगा दो", गुरुग्राम में व्हाट्सएप चैट से बड़े खुलासे, 6 आरोपी गिरफ्तार
हरियाणा के गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर में 9 अप्रैल को हुई हिंसा के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं.

Published : April 13, 2026 at 10:34 PM IST
|Updated : April 13, 2026 at 10:49 PM IST
गुरुग्राम : हरियाणा के गुरुग्राम के IMT मानेसर में 9 अप्रैल को हुई हिंसक घटना के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. जांच में सामने आया है कि हड़ताल के दौरान दंगा भड़काने, तोड़फोड़ और आगजनी की साजिश पहले से रची गई थी, जिसमें बाहरी लोगों की अहम भूमिका रही.
पेट्रोल बम के इस्तेमाल की साज़िश : दरअसल हड़ताल के दौरान उपद्रवियों ने कंपनियों में जमकर तोड़फोड़ की, सरकारी वाहनों में आग लगाई, कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की थी. साथ ही इस दौरान पथराव भी किया गया था. पुलिस PRO संदीप की माने तो जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. संदीप ने बताया कि इन आरोपियों में से अधिकांश का गुरुग्राम की किसी भी कंपनी से कोई संबंध नहीं है. वहीं व्हाट्सएप चैट के जरिए ये भी सामने आया कि कंपनियों में आग लगाने के लिए पेट्रोल बम तक इस्तेमाल करने की साजिश रची गई थी. इन आरोपियों ने हड़ताल कर रहे श्रमिकों को उकसाकर माहौल बिगाड़ने और हिंसा फैलाने का भी काम किया था.
6 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार : पुलिस ने गुरुग्राम से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में आकाश, हरीश चंद, पिंटू कुमार यादव, राजू सिंह, श्यामबीर और अजीत सिंह शामिल हैं. गुरुग्राम पुलिस ने श्रमिकों से अपील करते हुए कहा है कि वे किसी भी बाहरी व्यक्ति के बहकावे में न आएं. यदि कोई व्यक्ति माहौल खराब करने या हिंसा के लिए उकसाने की कोशिश करता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें. आपको बता दें कि गुरुग्राम के बाद नोएडा में भी आज प्रदर्शन हिंसक हो गया और आगजनी की कई घटनाएं सामने आई. वहीं गुरुग्राम पुलिस के PRO की माने तो वे गुरुग्राम पुलिस के द्वारा की गई जांच को यूपी पुलिस के साथ भी साझा करेंगे. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई जारी है.

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : नोएडा और गुरुग्राम के बाद फरीदाबाद में वेतन को लेकर कर्मचारियों का हल्ला बोल, सड़क पर उतरे हजारों कर्मचारी
ये भी पढ़ें : गुरुग्राम पुलिस का कर्मचारियों पर लाठीचार्ज, 20 से ज्यादा घायल, गुस्साए लोगों ने पुलिस की बाइक फूंकी, फैक्ट्री में की तोड़फोड़
ये भी पढ़ें : गुरुग्राम के मानेसर में वेतन को लेकर बवाल, कर्मचारियों का जोरदार विरोध-प्रदर्शन, धारा 163 लागू

