गुरुग्राम पुलिस की अवैध पार्टी पर रेड, भारी मात्रा में शराब और नशीला पदार्थ बरामद, मुख्य आयोजक गिरफ्तार
Illegal party in Gurugram: गुरुग्राम पुलिस ने अवैध पार्टी पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया है. मुख्य आयोजक गिरफ्तार.

Published : December 27, 2025 at 7:40 AM IST
गुरुग्राम: शुक्रवार को गुरुग्राम पुलिस ने अवैध पार्टी पर रेड कर मुख्य आयोजक को गिरफ्तार किया. रायसीना-भोंडसी क्षेत्र में स्थित फार्म हाउस पर ये अवैध पार्टी चल रही थी. पुलिस की टीम ने छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में शराब, नशीला पदार्थ और म्यूजिक सिस्टम बरामद किया है.
गुरुग्राम में अवैध पार्टी पर रेड: दरअसल भोंडसी थाना पुलिस को पहाड़ी क्षेत्र में स्थित एक फार्म हाउस में अवैध पार्टी की सूचना मिली थी. इस सूचना पर थाना भोंडसी, सेक्टर-65 पुलिस, क्राइम ब्रांच-39 और 40 की संयुक्त टीम ने रायसीना स्थित फार्म हाउस A-58 पर रेड की.
फार्महाउस पर चल रही थी अवैध पार्टी: फार्महाउस में बिना अनुमति के डीजे म्यूजिक के साथ पार्टी चल रही थी, जिसमें बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मौजूद थे. पूछताछ में सामने आया कि पार्टी का आयोजन आनंद उर्फ एंडी कर रहा था. पुलिस ने आरोपी आनंद उर्फ एंडी को गिरफ्तार किया है. आरोपी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के वैशाली का रहने वाला है.
चरस और शराब बरामद: तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 130 ग्राम चरस बरामद की, जबकि मौके से 101 बोतल बीयर, 23 बोतल अंग्रेजी शराब और म्यूजिक सिस्टम जब्त किया. पुलिस ने बिना अनुमति पार्टी आयोजित करने, शराब परोसने और नशीले पदार्थ रखने के आरोप में NDPS एक्ट, आबकारी अधिनियम और BNS की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है.
पार्टी का मुख्य आयोजक गिरफ्तार: डीसीपी डॉक्टर हितेश यादव ने कहा कि "नए साल को लेकर गुरुग्राम पुलिस अलर्ट मोड पर है और बिना कानूनी अनुमति इस तरह की पार्टियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी."

