गुरुग्राम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1 लाख के इनामी अंतर्राज्यीय बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली
गुरुग्राम पुलिस ने 1 लाख के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया.

Published : January 5, 2026 at 1:38 PM IST
गुरुग्राम: गुरुग्राम पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए 1 लाख रुपये के इनामी अंतर्राज्यीय बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया. आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.
गुप्त सूचना पर हुई नाकाबंदी: पुलिस की मानें तो रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि एक कुख्यात अपराधी हथियारों के साथ बिना नंबर की बाइक पर सोहना की ओर आ रहा है. सूचना पाकर CIA सेक्टर-40 और CIA पुन्हाना की संयुक्त टीम ने सोहना–गुरुग्राम रोड पर महेंद्रवाड़ा कच्चा रास्ता क्षेत्र में नाकाबंदी की.
आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग: गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक रात करीब 10:15 बजे पुलिस ने संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया. खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. गोलियां सरकारी वाहन और उप-निरीक्षक की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह मौके पर गिर पड़ा.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान: गिरफ्तार आरोपी की पहचान 50 वर्षीय यादराम के तौर पर हुई है, जो कि उत्तर प्रदेश के औरैया का निवासी है. वर्तमान में जयपुर, राजस्थान में किराए पर रह रहा था. आरोपी पर हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, गृहभेदन और शस्त्र अधिनियम से जुड़े करीब दो दर्जन मामले दर्ज हैं. नूंह जिले में ज्वेलर्स की दुकान में चोरी के मामले में उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित था.
मुठभेड़ स्थल से जब्त सामग्री: पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एक बाइक, हेलमेट, एक देशी कट्टा, एक पिस्टल, 9 खाली और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए. मामले में थाना भोंडसी, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपी फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन है और डिस्चार्ज होने के बाद औपचारिक गिरफ्तारी की जाएगी.
गुरुग्राम पुलिस का संदेश: इस कार्रवाई के बाद गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि हरियाणा में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है. आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रखेगी.
ये भी पढ़ें:पानीपत में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली, दूसरा मौका पाकर हुआ फरार

