ETV Bharat / state

यूपी की तर्ज पर गुरुग्राम पुलिस का बुलडोजर एक्शन, गैंगस्टर नरेन्द्र उर्फ सोनू के अवैध निर्माण को किया ध्वस्त

गुरुग्राम पुलिस ने गैंगस्टर नरेन्द्र उर्फ सोनू राठी के अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई की.

Gurugram Police Bulldozer Action
यूपी की तर्ज पर गुरुग्राम पुलिस का बुलडोजर एक्शन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : December 23, 2025 at 11:29 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

गुरुग्राम: गुरुग्राम पुलिस ने यूपी की तर्ज पर अपराधियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते बुलडोजर कार्रवाई की है. पुलिस ने कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और नामी गैंगस्टर नरेन्द्र उर्फ सोनू राठी के अवैध निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया. यह कार्रवाई भोंडसी थाना क्षेत्र के गांव अलीपुर में की गई, जिससे क्षेत्र में अपराधियों के बीच स्पष्ट संदेश गया है कि अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

कुख्यात अपराधी का आपराधिक इतिहास: पुलिस की मानें तो 39 वर्षीय नरेन्द्र उर्फ सोनू राठी सोहना–अलीपुर क्षेत्र का कुख्यात अपराधी है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, फिरौती, अपहरण, अवैध हथियारों की तस्करी और पुलिस पर हमले सहित 20 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. आरोपी का आपराधिक इतिहास साल 2011 से चला आ रहा है और वह लंबे समय तक पुलिस के लिए चुनौती बना रहा.

गैंगस्टर नरेन्द्र उर्फ सोनू के अवैध निर्माण को किया ध्वस्त (ETV Bharat)

पुरानी रंजिश में की हत्या: पुलिस के अनुसार, नरेन्द्र उर्फ सोनू राठी की गांव अलीपुर निवासी अशोक राठी के साथ लंबे समय से आपराधिक रंजिश चली आ रही थी. पैसों के लेन-देन, वर्चस्व और गैंगवार को लेकर दोनों पक्षों में तनाव था. इसी रंजिश के चलते 16 नवंबर 2019 को अशोक राठी की सोनू ने उसके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस मामले में थाना भोंडसी में केस दर्ज है, जो वर्तमान में अदालत में विचाराधीन है.

संगठित गिरोह का कर रहा संचालन: भोंडसी थाना एसएचओ सुरेंद्र ने बताया कि, "अशोक राठी की हत्या के बाद नरेन्द्र उर्फ सोनू राठी ने अपने साथियों सलीम, रोहित उर्फ बॉबी सहित अन्य के साथ मिलकर एक संगठित आपराधिक गिरोह का संचालन शुरू किया. इस गिरोह पर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त, रंगदारी, फिरौती, अपहरण, हत्या का प्रयास, पुलिस पार्टी पर हमला, अवैध कब्जा और फायरिंग जैसे गंभीर आरोप हैं."

अपराध से अर्जित संपत्ति पर चला बुलडोजर:पुलिस ने अपराध से अर्जित संपत्तियों को निशाना बनाते हुए आरोपी के अवैध निर्माण को ध्वस्त किया है. पुलिस का कहना है कि अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ना ही इस कार्रवाई का उद्देश्य है. भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी.

ये भी पढ़ें: यमुनानगर में युवती के अपहरण का मामला, लड़की का वीडियो आया सामने, जांच में जुटी पुलिस