गुरुग्राम में रेप का फर्जी आरोप लगाने वाली युवती गिरफ्तार, चलती कार में दुष्कर्म की झूठी कहानी बनाई थी
हरियाणा की गुरुग्राम पुलिस ने रेप का झूठा केस दर्ज कराने के मामले में एक युवती को गिरफ्तार किया है.

Published : December 17, 2025 at 7:47 PM IST
गुरुग्राम : हरियाणा की गुरुग्राम पुलिस ने दुष्कर्म का झूठा और मनगढ़ंत मुकदमा दर्ज कराने वाली एक युवती को गिरफ्तार किया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती ने रुपये ऐंठने की कोशिश और पहले से दर्ज रेप केस की पीड़िता पर दबाव बनाने के लिए उसके पति के खिलाफ फर्जी मामला दर्ज कराया था. आरोपी महिला पहले एक एयरलाइन कंपनी में केबिन क्रू की नौकरी कर चुकी है.
रेप का फर्जी आरोप : दरअसल 11 दिसंबर 2025 को युवती ने थाना डीएलएफ फेज-2 में शिकायत दी थी कि नौकरी के इंटरव्यू के बहाने उसे एमजी रोड मेट्रो स्टेशन बुलाकर चलती कार में दुष्कर्म किया गया. शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया लेकिन जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी.
झूठी कहानी रची : गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप ने बताया कि "जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी जितेंद्र उर्फ बिट्टू ने युवती के साथ मिलकर झूठी कहानी रची थी. इसका उद्देश्य बदले की भावना से दबाव बनाना और पैसों की उगाही करना था. पुलिस ने युवती को 14 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार किया और अदालत में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर ले लिया."
सख्त कार्रवाई होगी : पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, युवती ने जुलाई 2025 में भी थाना सेक्टर-14, गुरुग्राम में दुष्कर्म का एक मामला दर्ज कराया था. गुरुग्राम पुलिस ने कहा है कि झूठे मामलों में कानून का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें - गुरुग्राम में बीच सड़क कार और बाइक में भीषण टक्कर, कैमरे में कैद हुआ हादसा
ये भी पढ़ें - गुरुग्राम में फिल्मी अंदाज में पुलिस की गिरफ्त से आरोपी भागा, पुलिस ने पीछा कर किया गिरफ्तार

