ETV Bharat / state

मुख्यमंत्री की सुरक्षा में बाधा डालने का मामला, दो DCP को कारण बताओ नोटिस, SHO समेत कई पुलिसकर्मी सस्पेंड, 8 आरोपी गिरफ्तार

मुख्यमंत्री नायब सैनी की सुरक्षा में बाधा डालने के मामले में 8 लोग गिरफ्तार. दो DCP को कारण बताओ नोटिस, SHO समेत कई पुलिसकर्मी सस्पेंड.

SECURITY BREACH CM SAINI GURUGRAM
SECURITY BREACH CM SAINI GURUGRAM (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : August 22, 2026 at 9:07 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

गुरुग्राम: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के गुरुग्राम दौरे के दौरान VIP सुरक्षा व्यवस्था में बाधा डालने और उनके काफिले को रोकने का प्रयास करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस के निर्देशों की अवहेलना करते हुए मुख्यमंत्री के काफिले के सामने पहुंचकर उसे रोकने का प्रयास किया.

दो DCP को कारण बताओ नोटिस: इस मामले में पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई है. गुरुग्राम पुलिस आयुक्त सिवास कविराज ने मामले में कड़ा संज्ञान लिया है. सुरक्षा व्यवस्था में चूक और ड्यूटी में लापरवाही के मामले में जिम्मेदारी तय करते हुए कई अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. घटना के लिए जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए पुलिस उपायुक्त पश्चिम और पुलिस उपायुक्त अपराध को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. दोनों अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था में उत्पन्न व्यवधान को लेकर जवाब मांगा गया है.

SHO समेत कई पुलिसकर्मी सस्पेंड: पुलिस आयुक्त के निर्देश पर थाना प्रबंधक सिविल लाइंस (SHO) को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. इसके अलावा मौके पर ड्यूटी पर तैनात कई अन्य पुलिसकर्मियों और संबंधित जोन के SIS पश्चिम को भी सस्पेंड किया गया है. मामले में इंटेलिजेंस इंचार्ज के खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं. पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक के लिए जिम्मेदारी तय करते हुए विभागीय स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज: पुलिस प्रवक्ता संदीप ने बताया कि "घटना को लेकर गुरुग्राम के सिविल लाइंस थाने में BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में मानेसर से कांग्रेस की टिकट पर मेयर का चुनाव लड़ चुके नीरज यादव भी शामिल हैं. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान शिव निवासी घटोला, निखिल निवासी भिवानी, अनुज निवासी कन्हई, हरकेश निवासी फिरोज गांधी कॉलोनी, अमन निवासी पटौदी चौक/मनोहर नगर, राजीव यादव निवासी कृष्णा नगर और हरेन्द्र निवासी तावडू, जिला मेवात के रूप में हुई है."

कांग्रेस के दो जिला अध्यक्ष अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर: पुलिस प्रवक्ता संदीप ने बताया "प्रदर्शन में कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष पंकज डावर और ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव भी शामिल हुए थे. दोनों फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. गुरुग्राम पुलिस दोनों जिला अध्यक्षों को भी गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है. लोकतांत्रिक तरीके से शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना नागरिकों का अधिकार है, लेकिन VIP सुरक्षा, सरकारी ड्यूटी और कानून-व्यवस्था में बाधा डालने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती. मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है."

VIP सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: पुलिस आयुक्त सिवास कविराज ने कहा कि "VIP सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही, आपसी समन्वय की कमी अथवा ड्यूटी में शिथिलता को गंभीरता से लिया जाएगा. सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक सामने आने पर जिम्मेदारी तय कर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी. VIP सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना गुरुग्राम पुलिस की प्राथमिकता है."

ये भी पढ़ें- सोनीपत में ACB को देख ASI छत से कूदा, 8 हजार रुपये की रिश्वत लेने का आरोप

ये भी पढ़ें- कुरुक्षेत्र में घर से 11 लाख रुपए की चोरी करने के तीन आरोपी गिरफतार, चोरी की गई नकदी बरामद