गुरुग्राम में दिनदहाड़े ज्वेलर्स शॉप में गनपॉइंट पर लूट, एक बदमाश मौके से गिरफ्तार
गुरुग्राम के खांडसा में ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े लूट मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Published : February 17, 2026 at 10:27 AM IST
|Updated : February 17, 2026 at 2:46 PM IST
गुरुग्राम: गुरुग्राम के खांडसा इलाके में दिनदहाड़े ज्वेलर्स की दुकान पर हथियार के बल पर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. 14 फरवरी को दोपहर करीब 2:30 बजे तीन युवक दुकान में ग्राहक बनकर आए. कुछ ही मिनटों में उन्होंने पिस्टल निकालकर दुकानदार को जान से मारने की धमकी दी और लूटपाट शुरू कर दी. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
पिस्टल और लोहे की रॉड से धमकाया: दुकानदार ने बताया, “एक युवक ने पिस्टल तान दी और दूसरे ने लोहे की रॉड से हमला करने की कोशिश की. उन्होंने हमें अलमारी खोलने को कहा. डर के माहौल में हमें अलमारी खोलनी पड़ी.आरोपियों ने करीब 5 किलो चांदी और 35 हजार रुपये नकद लूट लिए. वारदात के बाद बदमाश शटर बंद कर फरार होने लगे."
दुकानदार की बहादुरी से एक आरोपी दबोचा गया: हालांकि बदमाशों की योजना पूरी तरह सफल नहीं हो सकी. दुकानदार ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी भागने में सफल रहे. आसपास के लोगों की मदद से आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया.
22 वर्षीय विकास गिरफ्तार: इस पूरे मामले में गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि, “गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय विकास के रूप में हुई है. उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल अवैध पिस्टल बरामद की गई है. शुरुआती पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाना स्वीकार किया है.”
फरार आरोपियों की तलाश जारी: पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार दो आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल इस घटना ने दिनदहाड़े सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं, दुकानदार की बहादुरी की इलाके में चर्चा हो रही है.
ये भी पढ़ें:रोहतक में अस्पताल के सामने युवक का मर्डर, स्कूटी सवार बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

