सूरजकुंड की तर्ज पर गुरुग्राम में सजेगा सरस आजीविका मेला, 30 राज्यों के 450 से अधिक लगेंगे स्टॉल्स, लखपति दीदियों की दिखेगी आत्मनिर्भरता
गुरुग्राम में 10 से 28 फरवरी तक सरस आजीविका मेला लगेगा. इस दौरान 30 राज्यों की लखपति दीदियां स्टॉल लगाएंगी.

Published : February 10, 2026 at 5:13 PM IST
गुरुग्राम: साइबर सिटी गुरुग्राम में राष्ट्रीय स्तर के सरस आजीविका मेले को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है. यह मेला 10 फरवरी से 28 फरवरी तक सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली ग्राउंड में लगेगा. मेले में देश के 30 राज्यों से 450 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अपने हस्तनिर्मित उत्पादों और पारंपरिक वस्तुओं की प्रदर्शनी और बिक्री करेंगी. यह मेला ग्रामीण भारत की कला, संस्कृति और उद्यमिता को शहरी मंच प्रदान करेगा.
लखपति दीदियां लगाएंगी स्टॉल: मेले का सबसे बड़ा आकर्षण लखपति दीदियों द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉल होंगे. यहां करीब 900 लखपति दीदियां अपने हेंडीक्राफ्ट, हथकरघा, घरेलू उत्पाद और पारंपरिक कलाकृतियों को प्रदर्शित करेंगी. इस बारे में संयुक्त सचिव, केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय स्वाति शर्मा ने कहा, “सरस आजीविका मेला ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता का सशक्त उदाहरण है. लखपति दीदियां न सिर्फ अपनी पहचान बना रही हैं, बल्कि अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा भी बन रही हैं.”
मिनी इंडिया की दिखेगी झलक: मेले में खरीदारी के साथ-साथ अलग-अलग राज्यों के लाइव फूड स्टॉल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएगी. यहां एक ही स्थान पर देश की विविध संस्कृति, कला और खानपान का अनुभव मिलेगा. इस संबंध में डीसी गुरुग्राम अजय कुमार ने कहा, “यह मेला लोगों को एक मंच पर पूरे भारत की झलक दिखाएगा. यह आयोजन स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगा और पर्यटन को बढ़ावा देगा.” वहीं, डीसीपी हेडक्वार्टर गुरुग्राम पुलिस डॉ. अर्पित जैन ने कहा, “मेले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि आगंतुक निश्चिंत होकर मेले का लुत्फ उठा सकें.”
सुरक्षा और मनोरंजन की पुख्ता व्यवस्था: फरीदाबाद के सूरजकुंड मेले की तर्ज पर आयोजित इस मेले में सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है. बच्चों के लिए अलग से प्लेयिंग जोन बनाया गया है ताकि परिवार बेफिक्र होकर मेले का आनंद ले सकें.
ये भी पढ़ें:सूरजकुंड मेला हादसे के बाद हरियाणा सरकार का बड़ा एक्शन, DCP मकसूद अहमद का तबादला

