गुरुग्राम में Drink and Drive मामले में ASI समेत 4 पुलिस कर्मी सस्पेंड, विधायक के काफिले में शामिल सुरक्षा वाहन को मारी थी टक्कर
गुरुग्राम में शराब में धुत्त ASI ने विधायक काफिले की गाड़ी को टक्कर मारी थी. मामले में चार पुलिसकर्मी सस्पेंड हो गए हैं.

Published : January 2, 2026 at 12:13 PM IST
गुरुग्राम: गुरुग्राम में नए साल पर नशे में धुत्त एक पुलिस अधिकारी ने विधायक के काफिले में शामिल सुरक्षा वाहन को टक्कर मार दी थी. घटना 31 दिसंबर की रात की है, जब एएसआई बलजीत सिंह अपनी निजी कार से तेज गति में न्यू कॉलोनी क्षेत्र से गुज़र रहे थे. मामले में पुलिस ने एएसआई समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है.
ड्यूटी के दौरान मारी टक्कर: एसआई रमेश कुमार के अनुसार, वह अपनी टीम हेड कांस्टेबल संजय कुमार, कांस्टेबल सोमबीर, पूनम, एसपीओ अजय पाल और होम गार्ड रघुवीर के साथ इन्फॉक्स मॉल के पास सुरक्षा व्यवस्था में तैनात थे. इसी दौरान एएसआई बलजीत सिंह अपनी कार से वहां पहुंचे और एसपीओ अजय पाल को मॉल में ले गए. इसके बाद उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद हेड कांस्टेबल संजय और हंसराज को अपनी कार में बैठा लिया और तेज गति से रवाना हुए.
विधायक के काफिले में टक्कर: एसआई की शिकायत के अनुसार, बलजीत सिंह ने सेक्टर 4/7 चौक पर अचानक यू-टर्न लिया और न्यू कॉलोनी की ओर बढ़ गए. इसी दौरान उनकी कार ने रेलवे स्टेशन से आ रहे विधायक के काफिले में शामिल स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी. घटना में सुरक्षा वाहन का चालक घायल हुआ. जांच में पता चला कि एएसआई नशे में थे और उनकी गाड़ी की नंबरप्लेट भी गायब थी.
ASI समेत 4 पुलिस कर्मी सस्पेंड: गुरुग्राम पुलिस ने न्यू कॉलोनी थाने में एएसआई के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया. इसके बाद पुलिस ने एएसआई बलजीत सिंह, एसपीओ अजय पाल, हेड कांस्टेबल संजय कुमार और हंसराज को तत्काल निलंबित कर दिया.
गुरुग्राम पुलिस पीआरओ ने दी जानकारी: मामले में गुरुग्राम पुलिस पीआरओ संदीप कुमार ने बताया कि, "MLA की पायलट गाड़ी में टक्कर मारने वाले एएसआई समेत चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है. नए साल की रात को यह चारो पुलिस कर्मी एक गाड़ी में सवार थे. जिस गाड़ी ने MLA की पायलट गाड़ी को टक्कर मारी थी. जांच में पाया गया कि कार चालक नशे में था. पुलिस ने अभी चारों को सस्पेंड कर दिया गया है. आगे की कार्रवाई जारी है."
ये भी पढ़ें:हरियाणा के रोहतक में 3 विदेशी युवकों की मौत, न्यू ईयर की पार्टी के बाद अंगीठी जलाकर सोए थे

