पुराने झगड़े की रंजिश, गुरुग्राम में घर के बाहर खड़ी कारों को लगाई आग, 3 गिरफ्तार
गुरुग्राम में पुराने झगड़े की रंजिश के चलते घर के बाहर खड़ी थार समेत दो गाड़ियों को आग के हवाले किया. 3 गिरफ्तार.


Published : December 20, 2025 at 10:14 AM IST
|Updated : December 20, 2025 at 10:58 AM IST
गुरुग्राम: साइबर सिटी गुरुग्राम में पुराने झगड़े की रंजिश में कार को आग के हवाले करने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी थार को निशाना बनाया और पास खड़ी वैगनआर भी आग की चपेट में आ गई. दोनों गाड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो गई. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी में कैद हो गई थी. जिसके आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर तीन आरोपियों को काबू किया है.
तीनों आरोपियों की पहचान: जांच करते हुए पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपियों को मानेसर से गिरफ्तार किया है. आरोपियों की पहचान राहुल (27) निवासी वजीराबाद, सुभाष (39) निवासी सिधरावली, दोनों जिला गुरुग्राम के रहने वाले हैं. वहीं, तीसरा आरोपी वारिश शेख (27) निवासी बशतरपुर, यूपी के जिला दिनाजपुर का रहने वाला है.
पुलिस को मिली थी शिकायत: पुलिस प्रवक्ता अशोक कुमार ने बताया कि "16 दिसंबर को एक व्यक्ति ने थाना बिलासपुर में आकर शिकायत दी थी. शिकायतकर्ता के अनुसार, 15 दिसंबर की रात करीब 2 बजे अज्ञात लोगों ने उसकी थार पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी. आग इतनी तेजी से फैली कि पास में खड़ी वैगनआर भी उसकी चपेट में आ गई. सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की, मामले की जांच करते हुए पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों को काबू किया".
पुराने विवाद की रंजिश में वारदात: पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी सुभाष और शिकायतकर्ता दोनों पड़ोसी हैं. करीब एक साल पहले सुभाष और उसकी बहन का शिकायतकर्ता से टॉयलेट का गड्ढा खोदने को लेकर विवाद हो गया था. इसी रंजिश के चलते सुभाष ने बदला लेने की साजिश रची. घटना वाली रात सुभाष, उसकी बहन, उसकी बहन का बेटा राहुल और वारिश शेख सिधरावली की ईको गाड़ी में सवार होकर शिकायतकर्ता के घर पहुंचे और पेट्रोल डालकर आग लगा दी. जिसके चलते दोनों गाड़ियां जलकर खाक हो गई. आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी में है. पुलिस ने कहा कि "मामले की गहनता से जांच की जा रही है".
ये भी पढ़ें: गुरुग्राम में नकाबपोश बदमाश ने THAR में लगाई आग, दो वाहन जलकर खाक, देखें वीडियो
ये भी पढ़ें: 'जंग का मैदान' बना गुरुग्राम का स्कूल, जमकर चले लाठी-डंडे, सीसीटीवी में कैद वारदात

