जिला प्रशासन की एडवाइजरी के बाद भी गुर्जर आरक्षण आंदोलन में मारे गए प्रमुख लोगों की मूर्ति का अनावरण
शनिवार को समापन समारोह के दौरान मूर्ति अनावरण के बाद लोगों की ओर से विधिवत हवन-पूजन का आयोजन किया गया.

Published : May 30, 2026 at 5:31 PM IST
सवाई माधोपुर : जिले के कुशालीपुरा तिराहे पर आयोजित तीन दिवसीय देवनारायण राष्ट्रीय महोत्सव का शनिवार को विधिवत समापन हो गया. इस अवसर पर गुर्जर समाज ने गुर्जर आरक्षण आंदोलन से जुड़े प्रमुख चेहरों को श्रद्धांजलि देते हुए शहीद स्मारक स्थल पर कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला, कन्हैयालाल गुर्जर और राधेश्याम गुर्जर की मूर्तियों का अनावरण किया.
जिला प्रशासन की ओर से पूर्व में एडवाइजरी जारी कर मूर्तियां स्थापित नहीं करने और इस संबंध में किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं करने के निर्देश दिए गए थे. इसके बावजूद गुर्जर समाज ने अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजन जारी रखा और आखिरकार कुशालीपुरा स्थित स्मारक स्थल पर तीनों मूर्तियों की स्थापना कर उनका अनावरण कर दिया. पिछले तीन दिनों से लगातार चल रहे इस महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गुर्जर समाज के लोग शामिल हुए. शनिवार को समापन समारोह के दौरान मूर्ति अनावरण के बाद परिजनों की ओर से विधिवत हवन-पूजन का आयोजन किया गया. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धा और सम्मान के साथ आहुतियां अर्पित की गईं. पूरे आयोजन के दौरान गुर्जर समाज के संघर्षों को याद किया गया.
कार्यक्रम का नेतृत्व गुर्जर आरक्षण आंदोलन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय बैंसला ने किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गुर्जर समाज अपने अधिकारों, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहा है और यह लड़ाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी. उन्होंने समाज से एकजुट रहने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान भी किया. विजय बैंसला ने कहा कि जो शहीद होते हैं, उनका सम्मान भी जरूरी है. आंदोलन में जो मारे गए थे उनका दाह संस्कार भी प्रशासन ने किया था. यह प्लेटफॉर्म भी प्रशासन ने बनवाया था, जहां आज मूर्ति का अनावरण किया गया. समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष मानसिंह गुर्जर सहित कई सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधि भी मौजूद रहे.

