गुना में सरपंच पुत्र की दबंगई! पहले ट्रैक्टर से खोदी क्रिकेट पिच फिर दी अजब-गजब सफाई
गुना की जांगरू पंचायत में सरपंच पुत्र की गजब दादागिरी. स्कूल के सामने खाली पड़ी जमीन पर ट्रैक्टर से पिच खोदने का आरोप.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 7, 2026 at 10:26 PM IST
गुना: मधुसूदनगढ़ तहसील के जांगरू पंचायत में सरपंच के बेटे की दादागिरी देखने को मिली. सरपंच पुत्र पर क्रिकेट पिच को ट्रैक्टर से खोदने का आरोप लगा है. इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में एक व्यक्ति ट्रैक्टर से क्रिकेट पिच खोदता नजर आ रहा है. शासकीय स्कूल के सामने बने मैदान में क्रिकेट खेल रहे बच्चों का आरोप है कि उन पर ट्रैक्टर चढ़ाने की भी कोशिश की गई. मामले के तूल पकड़ने के बाद सरपंच पुत्र ने सफाई देते हुए एक वीडियो बनाया है जिसमें वो कहते नजर आ रहा है कि अब यहां पहले से ज्यादा अच्छी पिच बनवाएंगे.
सरपंच पुत्र पर स्कूल के मैदान की पिच खोदने का आरोप
गुना की जांगरू पंचायत में सोमवार को स्कूल के मैदान पर क्रिकेट खेल रहे बच्चों को सरपंच के बेटे ने धमकाते हुए ट्रैक्टर का पंजा चलाकर पिच को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया था. मंगलवार को इस घटना का वीडियो सामने आया. जिसमें वहां क्रिकेट खेल रहे बच्चों ने आरोप लगाया कि सरपंच रुक्मणि बाई के बेटे ने ट्रैक्टर से पिच खोद दी और रोकने पर उसने हम पर ट्रैक्टर चढ़ाने की भी कोशिश की. डरे-सहमे बच्चों ने भागकर अपनी जान बचाई.
मैदान में क्रिकेट खेल रहे बच्चों ने बताया कि हम वहां क्रिकेट खेल रहे थे. सरपंच का लड़का आया और दादागिरी करने लगा. बोल रहा था कि यहां पर नहीं खेलने दूंगा. ये हमारी जमीन है हमने यहां पर कब्जा कर रखा है. इसके बाद ट्रैक्टर लेकर आया और मैदान खोद कर चला गया.
'नहीं मिली कोई लिखित शिकायत'
इस संबंध में मधुसूदनगढ़ थाना प्रभारी संदीप यादव का कहना है कि "उनकी जानकारी में वीडियो सामने आया था. जब हमने तस्दीक करवाई तो पता चला कि एक ट्रैक्टर वाला वीडियो था. वहां तस्दीक करवाई तो वहां खुदा तो नहीं पड़ा है लेकिन वहां पीली मिट्टी पड़ी है. इस संबंध में सरपंच से बात की थी तो उनका कहना है कि हम पिच तैयार करवा रहे हैं टूर्नामेंट के लिए. अभी तक इस संबंध में कोई भी लिखित शिकायत नहीं आई है."
सरपंच पुत्र के बदले सुर
इस घटना के दो वीडियो सामने आए. पहले वीडियो में सरपंच रुक्मणि बाई का लड़का साफ तौर पर मैदान को पंजे से खोदते हुए नजर आ रहा है. मामले के तूल पकड़ने के बाद सरपंच पुत्र ने यू टर्न लिया और एक दूसरे वीडियो में सरपंच पुत्र बता रहा है कि ग्राम जांगरू में टूर्नामेंट के लिए पिच तैयार करवा रहे हैं. यहां जो छोटे पेड़ हैं उनकी भी कटाई की जाएगी. पिच को ओर बेहतर तरीके से बनाया जा रहा है. पिच पर पानी डालते हुए वीडियो सामने आया.
- ग्वालियर में बदमाशों की दबंगई, युवक से जबरन छुलवाए पैर फिर बेरहमी से पीटा
- कुत्ते ने पहुंचाया जेल, फिर पुलिस ने बनाई रेल, चंबल में दबंगई पड़ी महंगी
ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों और बच्चों का कहना है कि सरपंच का बेटा मैदान सुधारने नहीं बल्कि बच्चों को भगाने और अपनी धौंस दिखाने आया था. खेल मैदान और शासकीय संपत्ति को इस तरह नुकसान पहुंचाने को लेकर गांव के लोगों और बच्चों में भारी आक्रोश है. उन्होंने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की.

