ETV Bharat / state

गुना में सायबर अपराध के खिलाफ मुहिम तेज, सेफ क्लिक का पाठ पढ़ाएगी पुलिस

गुना में विशेष सायबर सुरक्षा जागरूकता रथ कार्यक्रम, प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों में लोगों को जागरूक करेगी पुलिस.

CYBER SECURITY AWARENESS CAMPAIGN
गुना में सायबर जागरूकता रथ का शुभारंभ (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : July 7, 2026 at 10:27 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

गुना: पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए सायबर जागरूकता रथ का शुभारंभ किया. एसपी एसपी हितिका वासल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. सायबर ठगी से सुरक्षित रखने के लिए पुलिस ने शैक्षणिक संस्थानों से लेकर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है.

हर व्यक्ति तक संदेश भेजने की मुहिम

पुलिस कार्यालय से रवाना हुए सायबर जागरूकता रथ का उद्देश्य शहर के प्रत्येक नागरिक तक सायबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाना और डिजिटल माध्यमों से होने वाली धोखाधड़ी के प्रति लोगों को समय रहते सजग और जागरूक करना है. यह रथ गुना शहर के प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भ्रमण कर नागरिकों को सायबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराएगा.

गुना में विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता रथ कार्यक्रम (ETV Bharat)

प्रचार-प्रसार से ठगी पर रोकथाम की कोशिश

इस रथ के माध्यम से ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी एवं बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, फिशिंग लिंक, क्यूआर कोड स्कैम तथा अन्य साइबर अपराधों से बचने के व्यावहारिक उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा. साथ ही नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित भी किया जाएगा.

जागरूकता ही सबसे प्रभावी सुरक्षा

गुना एसपी हितिका वासल ने बताया, "सायबर अपराधों की बदलती प्रकृति को देखते हुए जागरूकता ही सबसे प्रभावी सुरक्षा है. सायबर जागरूकता रथ के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचकर उन्हें साइबर सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों, सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार तथा आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त करने के तरीकों से अवगत कराया जाएगा."

GUNA CYBER ​CRIME ​PREVENTION
प्रचार-प्रसार से साइबर ठगी पर रोकथाम की कोशिश (ETV Bharat)

राष्ट्रीय सायबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें

गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि किसी भी अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक, क्यूआर कोड, ओटीपी साझा करने के अनुरोध अथवा ऑनलाइन लेन-देन के दौरान पूरी सतर्कता बरते. यदि किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का सामना करना पड़े तो बिना विलंब राष्ट्रीय सायबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय सायबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर निकटतम पुलिस से संपर्क करें.