जंगल में सिर कटी लाश से गुना में फैली सनसनी, शाम से खोज रहे थे घर वाले
गाय चराने जंगल की ओर गया था शख्स, शाम को घर नहीं लौटने पर परिजनों ने शुरु की थी खोजबीन, मंदिर के पिछे मिला शव.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 4, 2026 at 9:20 PM IST
गुना: म्याना थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक शख्स की सिर कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई. घटना गुना के भदौरा गांव की है, जहां सुबह-सुबह ग्रामीणों को जंगल की ओर जाते वक्त सिर कटी लाश मिली. सिर कटी लाश की खबर आग की तरह फैली और मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए. सूचना मिलते ही म्याना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर ट्रैक्टर से पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया. लेकिन हर किसी के मन में यही सवाल था कि आखिर ये सब हुआ कैसे.
मृतक के परिजनों ने किया चक्काजाम
परिजनों का आरोप है कि पोस्टमॉर्टम होने के बाद शव को घर लाने के लिए अस्पताल से एंबुलेंस नहीं मिली. इससे आक्रोशित परिजन ने हनुमान चौराहा पर चक्काजाम कर सीबीआई जांच की मांग कर दी. काफी देर मशक्कत के बाद पुलिस ने परिवार को समझाइश देकर चक्काजाम खत्म कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया.

मंदिर के पीछे मिला शव
मंगलवार करीब 11 बजे रतिराम कुशवाह (54) गाय चराने के लिए गए थे. शाम होने पर गाय घर लौट आईं लेकिन रतिराम नहीं पहुंचे तो उन्हें ढूंढने की कोशिश की गई, हालांकि उनका कोई सुराग नहीं मिला. बुधवार सुबह में ग्रामीणों ने भदौरा मंदिर के पीछे गर्दन कटी लाश पड़ी देखी.
जंगल में हत्या की आशंका
मृतक के रिश्तेदार सुरेंद्र ने बताया, " रतिराम कुशवाह मंगलवार को गाय चराने गए थे. जब वह शाम को गायों के साथ घर नहीं लौटे तो उन्हें ढूंढने की कोशिश की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला. बुधवार सुबह भदौरा मंदिर के पीछे गर्दन कटा शव मिला. जंगल में विभिन्न प्रकार के लोग जाते हैं. शायद वहां कुछ देख लिया होगा इसलिए उनकी हत्या कर दी गई है."
सीबीआई जांच की मांग
स्थानीय ग्रामीण कल्याण कुशवाह ने बताया, " यह मर्डर मंगलवार रात में हुआ है. इसकी हमें सीबीआई जांच चाहिए. हम ट्रैक्टर से ही शव घटनास्थल से लेकर आए थे और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भी ट्रैक्टर से शव लेकर जा रहे हैं. हमें एंबुलेंस नहीं मिली. जब शाम को घर नहीं लौटे तो हमने सोचा कि खेत में सो गए होंगे. लेकिन सुबह सर कटा हुआ शव मिला. जब हमारी किसी से कोई दुश्मनी ही नहीं है तो फिर ये सब कैसे हुआ. इसलिए हम सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं."
- शहडोल में ये कैसी सनक, प्यार को पाने के लिए मासूम की हत्या, घटना झकझोर देगी
- रहस्यमय हालत में नाबालिग की मौत, पिता को दोस्त ने फोन पर दी सूचना
म्याना थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह सिकरवार ने बताया, "रतिराम कुशवाह रोज जंगल में गाये चराने जाते थे. ग्राम भदौरा और नेतलपुर के रास्ते में गौशाला के पास उनका शव मिला है. किसी अज्ञात ने उनकी धारदार वस्तु से हत्या कर दी. पुलिस मामले की जांच कर रही है."

