ट्रेन से उतरते ही प्लेटफॉर्म बेहोश होकर गिरा यात्री, GRP सिपाही ने CPR देकर बचाई जान
सिपाही ने बिना देर किए यात्री को सीपीआर देना शुरू किया, कुछ मिनट के बाद यात्री की सांसें फिर से चलने लगीं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 26, 2026 at 1:29 PM IST
बरेली: यूपी के बरेली जंक्शन पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रेन से उतरते ही एक यात्री को अचानक दिल का दौरा पड़ गया. प्लेटफॉर्म पर गिरते ही यात्री की सांसें थम गईं, लेकिन वहां ड्यूटी पर तैनात एक जीआरपी सिपाही ने सीपीआर से उसकी जान बचाई.
परिजनों ने ली राहत की सांस: जानकारी के अनुसार, बुधवार को बरेली जंक्शन के एक प्लेटफॉर्म पर बिहार के गया जिले के निवासी दिनेश मोनिया एक ट्रेन से उतरते ही अचानक बेहोश होकर गिर पड़े. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उन्हें हार्ट अटैक आया था और कुछ ही क्षणों में उनकी सांसें रुक गईं. मौके पर मौजूद जीआरपी सिपाही हरीओम ने बिना देर किए उन्हें सीपीआर देना शुरू कर दिया. कुछ मिनट तक लगातार प्रयास के बाद यात्री की सांसें फिर से चलने लगीं. मौके पर मौजूद परिजनों और यात्रियों ने राहत की सांस ली.
बताया गया कि दिनेश मोनिया बरेली के आंवला स्थित मनोना धाम में दर्शन के लिए जा रहे थे. समय पर प्राथमिक उपचार नहीं मिलता तो उनकी जान को खतरा हो सकता था. घटना के बाद यात्रियों ने सिपाही हरीओम की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सही मायनों में हीरो की भूमिका निभाई है. उनकी तत्परता और बहादुरी से एक परिवार उजड़ने से बच गया.

