चंदौली में तालाब में गिरी दूल्हे की अनियंत्रित कार, जानें कैसे बची जान
हादसे के बाद दूल्हा तालाब से तैरकर बाहर आ गया. स्थानीय लोगों की मदद से अन्य सभी को बाहर निकाला गया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 1:34 PM IST
चंदौली: चंदौली के बबुरी थाना क्षेत्र में टीचर दूल्हे को लेकर जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गई. कार में दूल्हे समेत 5 लोग सवार थे. हादसे के बाद दूल्हा तैरकर बाहर आ गया. स्थानीय लोगों की मदद से अन्य सभी को बाहर निकाला गया.
हादसे में दूल्हे का स्मार्टफोन, सोने की चेन और अंगूठी भी तालाब में गिर गई. घटना के बाद ड्राइवर फरार हो गया. फिलहाल पुलिस कार को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुटी है.
पुलिस ने बताया कि चकिया कोतवाली क्षेत्र के बैरी गांव के रामनरेश प्रजापति के बेटे पवन कुमार प्रजापति प्रयागराज में पालीटेक्निक कालेज में लेक्चरर के पद पर तैनात हैं. पवन की शादी बबुरी थानाक्षेत्र के हसनपुर गांव के जवाहिर उर्फ लखेन्दर प्रजापति की बेटी शालू से तय हई थी.
बारात दूल्हे के घर से बबुरी के लिए निकली. कार में पवन के अलावा घर की दो लडकियां और रिश्तेदार भी थे. दूल्हा आगे की सीट पर था. रास्ते में ड्राइवर ने गाड़ी रोककर शराब पी ली. नशे में वह तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने लगा. जिससे कार अनियंत्रित हो गई. ड्राइवर चलती कार से कूद गया और कार तालाब में गिर गई और डूबने लगी. ड्राइवर सीट की तरफ गेट खुला था, जिससे दूल्हा बाहर निकला और तैरकर किनारे पहुंचा.
इस बीच अन्य बाराती भी मौके पर पहुंच गए. स्थानीय लोगों की मदद से अन्य सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया. किसी कार सवार को चोट नहीं आई. बाद में क्रेन की मदद से गाड़ी को बाहर निकाला गया.
घटना के बाद दूल्हे को दूसरी गाडी में बैठाया गया और कपडे चेंज कराए गए. फिर लॉन ले जाया गया. वहां शेरवानी पहनी और फिर से बारात निकली.
दूल्हे के पिता रामनरेश प्रजापति ने आरोप लगाया कि दूल्हे को ले जा रहा चालक शराब के नशे में था, जिसके कारण उसने वाहन को बबुरी कस्बे के पास तालाब में गिरा दिया. इस हादसे में दूल्हे महंगा स्मार्टफोन, सोने की चेन और सोने की अंगठी पानी में खो गई.
बबुरी प्रभारी थानाध्यक्ष विभूति नारायण राय ने बताया कि दूल्हे को भी लेकर बबुरी पहुंचा एक कार अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गई थीं, लेकिन सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. हादसे के बाद ड्राइवर फरार हो गया. कार को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें - चंदौली में आपसी कलह के दौरान पति ने घोंट दिया पत्नी का गला, ढाई साल पहले की थी लव मैरिज

