लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर उद्घाटन कार्यक्रम फिर टला, जानिए क्या है वजह, लोगों में है नाराजगी
पहले 22 फरवरी उसके बाद 28 फरवरी को उद्घाटन होना था, लेकिन रक्षा मंत्री के बिजी होने के कारण कार्यक्रम टल गया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 26, 2026 at 10:17 PM IST
लखनऊ : ग्रीन कॉरिडोर परियोजना जनता के टैक्स के पैसे से तैयार की गई है और शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या को काफी हद तक कम करने का दावा करती है. लेकिन यह सड़क पूरी तरह खुल नहीं पा रही है. पहले 22 फरवरी उसके बाद 28 फरवरी और अब इस सड़क को खोले जाने को लेकर एक नया फरमान आ गया है.
सांसद और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रतिनिधि की ओर से विज्ञप्ति जारी कर बताया गया है की रक्षा मंत्री की व्यस्तता की वजह से अगले करीब 15 दिन तक यह सड़क नहीं खोली जा सकेगी. यह ग्रीन कॉरिडोर IIM रोड से शुरू होकर डालीगंज, हनुमान सेतु, निशातगंज और समतामूलक चौक तक बनाया गया है.
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने इस परियोजना पर भारी-भरकम रकम खर्चा किया है. कॉरिडोर का कुछ हिस्सा पहले ही शुरू हो चुका है, लेकिन दूसरे चरण के 9 किलोमीटर लंबे हिस्से का उद्घाटन बार-बार टलता जा रहा है. पहले खबरें आई थीं कि 28 फरवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे फेज का लोकार्पण करेंगे.
इससे गोमतीनगर से डालीगंज का सफर महज 6-10 मिनट में तय हो सकता था. लाखों लोगों को जाम से राहत मिलती और शहर की खूबसूरती भी बढ़ती. लेकिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रतिनिधि पूर्व सेवानिवृत आईएएस अधिकारी दिवाकर त्रिपाठी और महानगर भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की व्यस्तता के कारण यह कार्यक्रम स्थगित हो गया है.
लखनऊ जन कल्याण महा समिति के अध्यक्ष उमाशंकर दुबे ने बताया कि हम टैक्स देते हैं, टोल भी भरते हैं, लेकिन सड़कें तैयार होने के बाद भी बंद रहती हैं. नेताओं के कार्यक्रम पर सब कुछ टिका रहता है. अगर मंत्री जी व्यस्त हैं तो कोई और अधिकारी उद्घाटन क्यों नहीं कर सकता? जनता को परेशानी क्यों झेलनी पड़ रही है?
यह भी पढ़ें : पढ़ाई और करियर का दबाव बना रहा उग्र, एक्सपर्ट से जानें बच्चों में कैसे पहचानें बागी होने के लक्षण?

