करनाल में जमीन के लालच में पोते ने दादा की हत्या की, पुलिस ने किया गिरफ्तार
करनाल में वसीयत और जमीन के लालच में पोते ने ही अपने दादा को मौत के घाट उतार दिया.

Published : June 26, 2026 at 2:08 PM IST
करनाल: जिले के बड़ा गांव में जमीन और वसीयत के विवाद ने एक परिवार को ऐसा जख्म दिया है, जिसे भर पाना आसान नहीं होगा. जिस दादा ने पोते को उंगली पकड़कर चलना सिखाया, उसी पोते ने कथित तौर पर अपने दादा दर्शन की गोली मारकर हत्या कर दी. इस सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था. अब पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी पोते सोनू को गिरफ्तार कर लिया है.
चार गोलियां और खत्म हो गई एक जिंदगी: पुलिस जांच में सामने आया है कि "जमीन के बंटवारे और वसीयत को लेकर चल रहे विवाद के चलते आरोपी सोनू अपने दादा से नाराज था. इसी रंजिश में उसने देसी कट्टे से अपने दादा पर ताबड़तोड़ चार गोलियां दाग दीं. गोली लगने से दर्शन की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए बाइक पर फरार हो गया था, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया.
24 घंटे में पुलिस ने सुलझाई गुत्थी: घटना के बाद करनाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई विशेष टीमें गठित कीं. आरोपी की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही. महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे हत्या की इस गुत्थी का खुलासा हो गया.
अब होगी कानूनी कार्रवाई: पुलिस के अनुसार आरोपी का मेडिकल करवाकर उसे अदालत में पेश किया जाएगा. पूछताछ के दौरान हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि "मामले से जुड़े हर तथ्य को अदालत के सामने रखा जाएगा और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी."

