सगे दादा को मात देकर प्रधान बना पोता, बड़े अंतर से हराया
रामपुर की पंचायत में चुनावी नतीजे बेहद रोमांचक रहे, सियासत के अनुभव पर युवा जोश की हुई जीत.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 31, 2026 at 5:45 PM IST
रामपुर: कहा जाता है कि राजनीति में न कोई अपना होता और न ही पराया. ऐसा ही कुछ विकासखंड रामपुर की फुंजा पंचायत के चुनाव में देखने को मिला है. हिमाचल में पंचायत चुनाव संपन्न हो गए हैं. विकासखंड रामपुर की फुंजा पंचायत में 30 मई को तीसरे चरण में मतदान हुआ और चुनाव परिणाम बेहद रोमांचक रहे हैं. यहां प्रधान पद के लिए चुनावी अखाड़े में सगे दादा और पोता आमने-सामने थे. यहां मुकाबला सिर्फ वोटों का नहीं, बल्कि 'अनुभव बनाम युवा जोश' का था. फुंजा पंचायत में इस बार लोकतंत्र का ऐसा ही अनोखा और दिलचस्प मामला देखने को मिला, जहां जनता ने परंपरा से ऊपर उठकर युवा नेतृत्व पर भरोसा जताया है.
322 वोटों के बड़े अंतर से हारे दादा
फुंजा पंचायत में सगे दादा और पोता ने प्रधान पद के लिए नामांकन भरा था. चुनावी नतीजों के दौरान प्रधान पद के इस बेहद चर्चित मुकाबले में पोते गुड्डू टैगटा ने अपने सगे दादा और सियासत के अनुभवी खिलाड़ी प्रेम लाल टैगटा को 322 वोटों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी है. इसके साथ ही फुंजा पंचायत की कमान अब एक युवा चेहरे के हाथ में आ गई है. गुड्डू टैगटा को 713 वोट मिले हैं, जबकि प्रेम लाल टैगटा को 391 वोटों से संतोष करना पड़ा.
"जनता ने जिस विश्वास के साथ मुझे जिम्मेदारी सौंपी है. उस पर खरा उतरना मेरी पहली प्राथमिकता होगी. पंचायत में सड़क, पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा." - गुड्डू टैगटा, नवनिर्वाचित प्रधान, फुंजा पंचायत
दादा ने पोते की जीत पर दिया आशीर्वाद
पूरा पंचायत चुनाव के दौरान ये मुकाबला ग्रामीणों के बीच चर्चा का विशेष केंद्र बना रहा. वहीं, परिणाम घोषित होते ही पंचायत में जश्न का माहौल बन गया. समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ गुड्डू टैगटा की जीत का जश्न मानाया. वहीं, हार के बावजूद प्रेम लाल टैगटा ने लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करते हुए जनता के फैसले को स्वीकार किया और अपने पोते को शुभकामनाएं व आशीर्वाद दिया. नवनिर्वाचित प्रधान गुड्डू टैगटा ने पंचायतवासियों का आभार व्यक्त किया.

