चंडीगढ़ के राजस्थान भवन में सजी आस्था की रंगीन शाम, सेक्टर-35बी में भी धूमधाम से हुआ होलिका दहन
चंडीगढ़ के राजस्थान भवन और सेक्टर-35बी में होलिका दहन के साथ होली मिलन समारोह मनाया गया.

Published : March 3, 2026 at 9:56 AM IST
चंडीगढ़: शहर के सेक्टर-33 स्थित राजस्थान भवन में सोमवार शाम होलिका दहन और होली मिलन समारोह बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया. राजस्थान परिषद चंडीगढ़ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में परिषद के सदस्यों के साथ शहर के कई लोग शामिल हुए. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शुभ मुहूर्त में होलिका दहन किया गया. श्रद्धालुओं ने अग्नि की परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. पूरे परिसर में भक्ति और उत्सव का सुंदर संगम देखने को मिला.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां: होलिका दहन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई. राहुल बुजवासी एंड पार्टी ने मनमोहक रासलीला की प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा. पारंपरिक होली गीतों और संगीत ने माहौल को और अधिक रंगीन बना दिया. उपस्थित लोगों ने झूमकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया. साथ ही उत्सव का भरपूर आनंद लिया.
राजस्थानी व्यंजनों का लुत्फ: समारोह में विशेष रूप से पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी. मेहमानों ने दाल-बाटी, चूरमा सहित विभिन्न स्वादिष्ट पकवानों का आनंद लिया. स्वाद और संस्कृति के इस अनूठे संगम ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया. परिषद के अध्यक्ष राज किशोर ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और परंपराओं को सुदृढ़ करते हैं.
सेक्टर-35बी में भी दिखा उत्साह: इसी कड़ी में सेक्टर-35बी स्थित रक्षेश्वर मंदिर में भी होलिका दहन का आयोजन किया गया. रक्षेश्वर मंदिर सभा समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में एरिया पार्षद प्रेमलता भी मौजूद रहीं. समिति के प्रधान दिलावरी, योगेश अग्रवाल, सरोज, संजीव दुबे सहित अन्य सदस्यों और स्थानीय निवासियों ने मिलकर होली का पर्व प्रेम, सौहार्द और उल्लास के साथ मनाया.
ये भी पढ़ें:भिवानी में महिलाओं ने किया होलिका पूजन, किसानों ने लगाया नई फसल का भोग

